महाराज रिपुदमन सिंह स्मृति अखिल भारतीय वॉलीबाल टूर्नामेंट: यूपी पुलिस बनी विजेता, लखनऊ अकादमी उपविजेता, सूर्यांश मैन ऑफ द टूर्नामेंट, शहीद आलम रहे बेस्ट स्मेसर, पूर्वमंत्री अरिदमन सिंह एवं विधायक पक्षालिका सिंह ने टीमों का बढ़ाया हौसला।
बाह। जूनियर हाईस्कूल बाह के मैदान पर रविवार को खेले गये पूर्व खेलमंत्री महाराज रिपुदमन सिंह स्मृति अखिल भारतीय वॉलीबाल टूर्नामेंट के रोमांचक फाइनल में 25-17, 34-32 के अंतर से लखनऊ की महाराणा प्रताप अकादमी को हराकर उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम विजेता बनी। यूपी पुलिस टीम के राष्ट्रीय खिलाड़ी सूर्यांश को मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। जबकि महाराणा प्रताप अकादमी लखनऊ के शहीद आलम बेस्ट स्मेसर रहे। उदघाटन मैच के मुख्य अतिथि पूर्व केबिनेटमंत्री अरिदमन सिंह, बाह की विधायक पक्षालिका सिंह ने विजेता एवं उपविजेता टीम से परिचय प्राप्त कर हौसला बढ़ाया। टूर्नामेंट में जुटी बाह क्षेत्र की देश विदेश में अपनी चमक बिखेरने वाली प्रतिभाओं रतन सिंह भदौरिया, अनामिका चौहान, अजय भदौरिया आदि का सम्मान कर कहा कि क्षेत्र का गौरव बढ़ाने के लिए शुक्रिया। इससे पहले पहला सेमी फाइनल उत्तर प्रदेश पुलिस एवं स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ की टीम के बीच खेला गया। जिसमें उत्तर प्रदेश पुलिस ने 25-16, 25-21 से आसान जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमी फाइनल महाराणा प्रताप अकादमी लखनऊ एवं चंडीगढ़ के बीच खेला गया, जिसमें महाराणा प्रताप अकादमी ने 25-19, 25-18 के अंतर से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। उत्तर प्रदेश पुलिस एवं महाराणा प्रताप अकादमी लखनऊ की टीम के बीच फाइनल मैच बेहद रोमांचक रहा। एकतरफा मुकाबले में यूपी पुलिस की टीम ने 25-17 के अंतर से पहला सेट आसानी से जीत लिया। लेकिन दूसरे सेट में दोनों टीमें एक एक अंक के लिए संघर्ष करती दिखी। संघर्ष का आलम ये था कि दूसरा सेट 34 अंक तक खिंचा। आखिरकार 34-32 के अंतर से जीत के साथ यूपी पुलिस ने खिताब अपने नाम कर लिया। निर्णायक की भूमिका में राष्ट्रीय रेफरी चन्द्रभान मिश्रा, धनंजय राय, दीपक कुमार, फूल चन्द गुप्ता रहे, स्कोरर अरुण दुबे, मुकेश शर्मा एवं कमेंटेटर आशुतोष नेहरू, विमल शर्मा रहे। इस दौरान शरद शर्मा, कर्नल गजेन्द्र सिंह भदौरिया, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा, कोच रमेश सिंह भदौरिया, ब्लॉक प्रमुख लाल सिंह चौहान, एसडीएम बाह विनोद कुमार, एसीपी बाह जितेन्द्र कुमार, पूर्व चेयरमैन सुनील बाबू, अल्केन्द्र जादौन, सर्वदमन सिंह, विकास चतुर्वेदी, हरवीर सिंह गुर्जर, धीरेन्द्र सिंह आदि रहे। आयोजन सचिव हृदय नरायन शर्मा ने बताया कि समापन समारोह में विजेता टीम को 31 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये के नकद पुरस्कार के साथ व्यक्तिगत पुरस्कार भी प्रदान किए गये।















