WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.48 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50 PM

मलपुरा में भीषण टक्कर से कार के परखच्चे उड़े, अंदर फंस गया शिक्षक का शव, पुलिस ने डंपर कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू की, रिपोर्ट शंकर देव तिवारी

मलपुरा में भीषण टक्कर से कार के परखच्चे उड़े, अंदर फंस गया शिक्षक का शव, पुलिस ने डंपर कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू की

 

आगरा । मलपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर और स्विफ्ट डिजायर की आमने-सामने की टक्कर ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। भीषण हादसे में कार चला रहे 52 वर्षीय सरकारी स्कूल के हैड मास्टर भूपेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्विफ्ट डिजायर का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया और भूपेंद्र कार के अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन को करीब 500 मीटर दूर छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घटना बुधवार दोपहर मुख्यालय से लगभग दो किलोमीटर दूर ग्वालियर रोड़ पर हुई। हादसे की सूचना मिलते ही मलपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे भूपेंद्र के शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को एंबुलेंस से पोस्टमार्टम के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। स्कूल से घर लौट रहे थे हैड मास्टर, रास्ते में काल बनकर आया डंपर,सिकंदरा क्षेत्र में रहने वाले भूपेंद्र खेरागढ़ के चीतगांव प्राइमरी स्कूल में हैड मास्टर थे। बुधवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह अपनी स्विफ्ट डिजायर से ग्वालियर रोड होते हुए सिकंदरा स्थित अपने घर लौट रहे थे। वह कार में अकेले थे। तभी वह मलपुरा थाना क्षेत्र में पहुंचे ही थे कि सामने से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर से उनकी कार की सीधी भिड़ंत हो गई। आमने-सामने हुई टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। भूपेंद्र को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

 

कार में फंसी जिंदगी, सिर में गंभीर चोट से मौके पर मौत

 

हादसे के बाद भूपेंद्र कार के अंदर बुरी तरह फंस गए। उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और खुद भी राहत-बचाव में जुट गए। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से कार को काटकर और कड़ी मशक्कत के बाद भूपेंद्र के शव को बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक दुर्घटना के बाद कुछ समय तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की और यातायात को भी नियंत्रित कराया।

 

हादसे के बाद चालक 500 मीटर दूर छोड़ गया डंपर

 

दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके पर रुकने के बजाय वाहन लेकर आगे बढ़ा और करीब 500 मीटर दूर डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। अब चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए उसकी तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि डंपर चालक की तलाश की जा रही है। मृतक के परिजनों की शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

पीछे छूट गया परिवार, अभी 10 साल की नौकरी बाकी थी

 

भूपेंद्र की मौत की खबर परिवार तक पहुंची तो कोहराम मच गया। परिवार में उनकी पत्नी विजयरानी (42), बेटा रचित (21) और बेटी कृतिका (19) हैं। बेटा इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद निजी नौकरी करता है, जबकि बेटी दयालबाग यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन कर रही है। बताया गया है कि भूपेंद्र की सरकारी सेवा के अभी करीब 10 साल बाकी थे। स्कूल में बच्चों को पढ़ाने और परिवार की जिम्मेदारियां निभाने वाले भूपेंद्र की सड़क हादसे में अचानक हुई मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस अब फरार डंपर चालक की तलाश के साथ हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। परिवार की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment