*महा-आह्वान: लखनऊ चलो – 29 नवंबर 2026 को बदलेगा भारत के पत्रकारों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का इतिहास – आयोजक मंडल के लिए स्पष्ट श्वेत पत्र, कार्य से लक्ष्य तक – बी एम एफ नेशनल कोर कमेटी के संस्थापक एके बिंदुसार का अपील, अब हर कार्यकर्ता देगा कार्य को गति*
*: भूमिका, कार्य और कर्तव्य – हर साथी इसे पढ़कर आज से ही काम शुरू कर दे*
*प्रिय साथियों, जय कलम।*
भारतीय मीडिया फाउंडेशन नेशनल कोर कमेटी के तत्वावधान में 29 नवंबर 2026, रविवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारतीय पत्रकारिता के इतिहास की सबसे बड़ी *मीडिया महापंचायत* होने जा रही है। यह कोई साधारण सम्मेलन नहीं है, यह अपने अस्तित्व और अधिकार की लड़ाई है।
इस लड़ाई को लड़ने के लिए जिन साथियों को प्रथम सूची में आयोजक मंडल में शामिल किया गया है, उनका काम सिर्फ मंच पर बैठना नहीं है, बल्कि इस आंदोलन का सेनापति बनना है।
*आपका कार्य क्या है?*
1. *सेनापति का कार्य:* आप अपने जिले, तहसील और ब्लॉक के प्रभारी हैं। आपको अपने क्षेत्र के हर पत्रकार, डिजिटल मीडिया के साथी, यूट्यूबर, पोर्टल संचालक और सच्चे सामाजिक कार्यकर्ता तक व्यक्तिगत रूप से पहुंचना है।
2. *50 साथियों का संकल्प:* हर आयोजक सदस्य का लक्ष्य है कि वह 29 नवंबर को अपने साथ कम से कम 50 साथियों को लेकर लखनऊ पहुंचे। बस, ट्रेन, कार से जैसे भी हो, अपने काफिले के साथ आना है।
3. *प्रचार का कार्य:* प्रतिदिन सुबह 9 बजे और शाम 7 बजे अपने सभी व्हाट्सएप ग्रुप, फेसबुक पर महापंचायत का पोस्टर शेयर करना आपका रोज का कार्य है।
*आपका कर्तव्य क्या है?*
1. *एकता का कर्तव्य:* किसी भी साथी में भेदभाव नहीं करना है। छोटा-बड़ा, प्रिंट-इलेक्ट्रॉनिक , डिजिटल मीडिया का भेद खत्म करना है। सबको गले लगाना है।
2. *सम्मान का कर्तव्य:* लखनऊ आने वाले हर साथी को लगे कि वह अपने घर आया है। उसकी सुरक्षा का चिंता करना हमारा कर्तव्य है।
3. *शांति का कर्तव्य:* हमें लखनऊ में अपनी ताकत दिखानी है, अराजकता नहीं। किसी भी प्रकार की नारेबाजी या अनुशासनहीनता नहीं होने देना आपका कर्तव्य है।
4. आज से हमें प्रतिदिन संगठन की मजबूती के लिए सदस्य जोड़ने का कार्य करना प्रारंभ कर देना है।
*: हमारे 5 ऐतिहासिक लक्ष्य – जिनके लिए हमें लखनऊ जाना है*
संस्थापक एके बिंदुसार ने स्पष्ट कहा है कि हम इस बार सिर्फ फोटो खिंचवाने नहीं जा रहे। हम अपनी आवाज को जोरदार बुलंद करेंगे और अपनी आवाज को भारत के कोने कोने में पहुंचा करके ही लौटेंगे।
*लक्ष्य 1 – राष्ट्रीय मीडिया कल्याण बोर्ड का गठन*
देश में आज तक पत्रकारों के कल्याण के लिए कोई बोर्ड नहीं है। हमारी पहली मांग है कि केंद्र सरकार के बजट से एक स्वायत्त *राष्ट्रीय मीडिया कल्याण बोर्ड* बनाया जाए। इस बोर्ड से शहीद पत्रकार के परिवार को 25 लाख की सहायता, घायल पत्रकार को 5 लाख की सहायता, बच्चों की मुफ्त शिक्षा और पूरे परिवार का मुफ्त इलाज हो। इस बोर्ड का अध्यक्ष कोई नेता नहीं, बल्कि पत्रकार ही हो।
*लक्ष्य 2 – हर जिले में मीडिया पालिका का गठन*
आज किसी भी खबर पर पत्रकार पर तुरंत FIR हो जाती है। इसे रोकने के लिए हर जिले में *मीडिया पालिका* बने। इसमें एक रिटायर्ड जज, एक ADM स्तर का अधिकारी और 3 वरिष्ठ पत्रकार एवं तीन सामाजिक कार्यकर्ता हों। किसी भी पत्रकार पर FIR करने से पहले पुलिस को मीडिया पालिका से अनुमति लेनी होगी। अगर FIR फर्जी पाई गई तो शिकायतकर्ता पर ही कार्रवाई होगी।
*लक्ष्य 3 – पत्रकार सुरक्षा कानून को शक्ति से लागू कराना*
कई राज्यों में पत्रकार सुरक्षा कानून है, लेकिन वह सिर्फ कागजों में है। हमारी मांग है कि इसे पूरे देश में एक समान और कठोरता से लागू किया जाए। पत्रकार पर हमला करने वाले पर गैर-जमानती धारा, 24 घंटे में गिरफ्तारी और 90 दिन के अंदर फास्ट ट्रैक कोर्ट से सजा का प्रावधान हो।
*लक्ष्य 4 – राज्यसभा और विधान परिषद में कोटा फिक्स हो*
जब देश में शिक्षक, स्नातक और नॉमिनेटेड सदस्य सदन में जा सकते हैं, तो लोकतंत्र का चौथा स्तंभ क्यों नहीं? हमारी मांग है कि राज्यसभा में सीटें और हर राज्य की विधान परिषद में कम से कम 10 सीटें पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता कोटे के लिए आरक्षित की जाएं। ताकि हमारी आवाज संसद में भी गूंजे।
*लक्ष्य 5 – देश के सभी पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की जनगणना*
आज सरकार को पता ही नहीं है कि देश में कितने पत्रकार हैं। इसी कारण पत्रकारों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। हमारी मांग है कि केंद्र सरकार आधार कार्ड की तरह हर पत्रकार की *राष्ट्रीय जनगणना* कराए। हर असली पत्रकार को एक यूनिक आईडी कार्ड मिले, जिससे उसे रेल में छूट, टोल में छूट, सरकारी आवास और अधिमान्यता का लाभ मिले।
*: हमारा सिद्धांत, हमारा अनुशासन और अंतिम आह्वान*
*हमारा सिद्धांत क्या है?*
हमारा सिद्धांत बहुत स्पष्ट है। हम किसी राजनीतिक पार्टी के गुलाम नहीं हैं। हम न सत्ता पक्ष के हैं, न विपक्ष के। हम सिर्फ सत्य के साथ हैं। हमारा सिद्धांत है – डरो मत, झुको मत, बिको मत। हम संविधान को मानते हैं और संविधान की रक्षा के लिए ही यह महापंचायत कर रहे हैं।
*हमारा लौह अनुशासन क्या है? – हर साथी ध्यान से पढ़े*
1. *ड्रेस और आईडी अनुशासन:* आयोजक मंडल का हर सदस्य मेहरून शर्ट और सफेद पैंट अपने संगठन की निर्धारित वेशभूषा में रहेगा। बिना आईडी कार्ड के कोई भी सदस्य मंच के दायरे में नहीं आएगा।
2. *माइक अनुशासन:* मंच का संचालन सिर्फ केंद्रीय कमेटी द्वारा तय किए गए संचालक ही करेंगे। कोई भी साथी जबरन माइक नहीं छीनेगा। जिसको बोलने का अवसर दिया जाएगा, उसे 5 मिनट में अपनी बात पूरी करनी होगी।
3. *नशा मुक्त अनुशासन:* महापंचायत स्थल पर किसी भी प्रकार का बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, शराब का सेवन पूर्णतः वर्जित है। ऐसा करते पाए जाने पर उस व्यक्ति को चाहे वह कितना भी बड़ा पदाधिकारी हो, तुरंत मंडल से निष्कासित कर दिया जाएगा।
4. *आर्थिक अनुशासन:* कोई भी आयोजक सदस्य किसी भी नए साथी से निजी तौर पर चंदा नहीं मांगेगा। जो भी सहयोग होगा वह सीधे केंद्रीय कोर कमेटी के हेल्पलाइन नंबर 7275850466 पर संपर्क करेंगे ।
*संस्थापक एके बिंदुसार का अंतिम संदेश*
“मेरे परिवार के सदस्यों, मेरे योद्धाओं, अब समय आ गया है। यह श्वेत पत्र नहीं, यह हमारी गीता है। इसे पढ़े, समझें और आज से ही कार्य में लग जाएं। अगर यह 5 लक्ष्य हमने हासिल कर लिए तो आने वाले 100 सालों तक पत्रकारिता सुरक्षित हो जाएगी। मुझे आप पर पूरा भरोसा है। 29 नवंबर को लखनऊ में मिलते हैं।”
*आयोजक मंडल की पहली सूची के सभी सम्मानित सदस्यों को पुनः बधाई।*
*निवेदक -आयोजक मंडल- भारतीय मीडिया फाउंडेशन नेशनल कोर कमेटी*
*जय कलम, जय संविधान, जय भारत।*
















