*नीलांचल सेवा ट्रस्ट ने कैलाश घाट की करी सफाई*
आगरा। नीलांचल सेवा ट्रस्ट की टीम ने आज कैलाश घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम ने घाट और आसपास के क्षेत्र में काफी मात्रा में जमा कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक और गंदगी को उठाकर सफाई की। ट्रस्ट के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने कई घंटे मेहनत करके घाट को साफ किया। सफाई के दौरान घाट पर जगह-जगह फैले कूड़े को एकत्रित कर वहां से हटाया गया, जिससे घाट का वातावरण पहले की अपेक्षा अधिक स्वच्छ दिखाई दिया। अभियान के दौरान ट्रस्ट की टीम ने घाट पर आने वाले लोगों से भी अपील की कि घाट पर कूड़ा-कचरा न फेंकें और इसे साफ रखने में अपना सहयोग दें। सदस्यों ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान चलाने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने का प्रयास करना चाहिए। लोगों से विशेष रूप से प्लास्टिक और अन्य कचरा घाट के आसपास न छोड़ने की अपील की गई। नीलांचल सेवा ट्रस्ट के संस्थापक प्रेम कुमार ने कहा कि घाट सिर्फ एक जगह नहीं, बल्कि हमारी आस्था और शहर की पहचान हैं। इन्हें साफ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। सभी शहरवासियों को इसमें सहयोग करना चाहिए। जब भी घाटों पर जाएं कचरा न करें। उन्होंने कहा कि घाटों की स्वच्छता के लिए समाज के सभी लोगों को आगे आना चाहिए, तभी इन स्थानों को लंबे समय तक स्वच्छ रखा जा सकेगा। बताया कि आने वाले समय में भी आगरा के अलग-अलग घाटों और सार्वजनिक स्थानों पर ऐसे स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे। ट्रस्ट का प्रयास रहेगा कि लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ ही सार्वजनिक स्थानों की सफाई में भी योगदान दिया जाए। इस अवसर पर मुख्य रूप से आकाश अग्रवाल, हर्ष गुप्ता, प्रवीन कुमार, उदय, राकेश, हैप्पी मौजूद रहे।















