*दीपावली के अवसर पर उमड़ा सेवा का महासागर*
*सनशाइन ट्रस्ट और श्री कृष्ण गौशाला ने 200 जरूरतमंद परिवारों के चेहरे पर बिखेरी मुस्कान*
*सामूहिक भोज के बाद श्रद्धा भाव से बाटे उपहार*
आगरा l समाज के अंतिम पायदान पर खड़े हर परिवार के घर में दीपावली की खुशियों का दीया प्रज्वलित हो, इसी पावन और पुनीत संकल्प के साथ आज ताजनगरी में सेवा का एक अनूठा समागम देखने को मिला। शाहगंज स्थित श्री कृष्ण गौशाला में सनशाइन ट्रस्ट, मुंबई के विशेष सहयोग से एक भव्य और गरिमामयी सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान समाजसेवियों और दानदाताओं ने ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ के मूलमंत्र को चरितार्थ करते हुए लगभग 200 जरूरतमंद परिवारों को दीपावली उपहार, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, राशन सामग्री और नगद धनराशि का वितरण किया।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष आयोजित हुए इस विशेष कार्यक्रम में दीपावली की खुशियां उन लोगों तक पहुंचाई गईं, जो समाज में अभावों से जूझ रहे हैं। कोठी मीना बाजार के सामने स्थित श्री कृष्ण गौशाला परिसर में जैसे ही जरूरतमंदों को उपहार स्वरूप जीवनोपयोगी वस्तुएं और खाद्य सामग्री भेंट की गईं, तो उनके चेहरों की चमक और आंखों की संतुष्टि ने कार्यक्रम की सार्थकता को बयां कर दिया। कार्यक्रम की मुख्य विशेषता यह रही कि मुंबई की जानी-मानी संस्था ‘सनशाइन ट्रस्ट’ ने सुदूर रहकर भी आगरा के इस सेवा प्रकल्प में अपना पूरा सहयोग दिया। संस्था पिछले तीन दशक से गौशाला में सेवा कार्य से जुड़ी हुई है l स्थानीय दानदाताओं और प्रबुद्ध समाजसेवियों के साथ मिलकर ट्रस्ट के इस प्रयास की हर तरफ सराहना हो रही है। इस सेवा कार्य के माध्यम से समाज को यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि त्योहारों का असली आनंद आपस में खुशियां बांटने और दूसरों के जीवन से अंधकार दूर करने में ही निहित है। गौ माता के सानिध्य और जय राम जी की व जय साईं लीलाशाह के पावन जयघोष के बीच संपन्न हुए इस आयोजन ने समूचे शाहगंज क्षेत्र को सेवा के उल्लास से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी सहयोगियों और सेवादारों का आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने इस दीपावली को सैकड़ों परिवारों के लिए वास्तव में ‘शुभ और लाभ’ से पूर्ण बना दिया।
श्री कृष्ण गौशाला शाहगंज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रमुख रूप से कमेटी के अध्यक्ष गिरधारी लाल भगत्यानी, ज्ञानचंद मुलानी,मनीष हरजानी,महेश मंघरानी, जयप्रकाश धर्मानी, भगवानदास आवतानी,मनीष लालचंदानी जेके मदनानी,एडवोकेट लालचंद मोटवानी, मुरलीधर पहलजानी,पूरन चंद,सुनील कर्मचंदानी, सोनू मदनानी,कपिल पंजवानी, सहित बड़ी संख्या में गौशाला कमेटी से जुड़े पदाधिकारी गौ सेवक मौजूद रहे।
















