तालाब में जहरीली दवा डालने से 8 क्विंटल मछलियां मरीं, सफाईकर्मी के खिलाफ तहरीर।

अहरौरा (मीरजापुर): थाना क्षेत्र के कल्याणीपुर ग्राम पंचायत स्थित ग्राम समाज के पोखरे में जहरीली दवा डाले जाने से लगभग 8 क्विंटल छोटी-बड़ी मछलियां मर गईं। घटना के बाद तालाब में मरी मछलियां उतराने से पूरे इलाके में तेज दुर्गंध फैल गई है। पीड़ित मत्स्य पालक ने गांव में तैनात सफाईकर्मी पर जहरीली दवा डालने का आरोप लगाते हुए अहरौरा थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई व मुआवजे की मांग की है।
कल्याणीपुर निवासी मिश्री लाल पुत्र स्व. सोमारू बिन्द ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्हें उपजिलाधिकारी चुनार द्वारा ग्राम समाज के पोखरे में मछली पालन हेतु 10 वर्ष का पट्टा आवंटित किया गया है। उन्होंने पालन के लिए तालाब में लगभग 55 हजार मछली के बच्चे डाले थे।
आरोप है कि बीते 28 अक्टूबर को गांव में तैनात सफाईकर्मी राजकुमार ने पोखरे के किनारे-किनारे जहरीली दवा डाल दी। इसके प्रभाव से 29 अक्टूबर को तालाब में लगभग 8 क्विंटल छोटी व बड़ी मछलियां मरकर पानी की सतह पर आ गईं। मछलियों के सड़ने से तालाब व आस-पास के क्षेत्र में भारी दुर्गंध व्याप्त हो गई है, जिससे ग्रामीणों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई है।















