*बरेली*
*ट्रैक पर पानी आया तो बदलना पड़ा संचालन*
बरेली सिटी-बरेली जंक्शन रेलखंड के किलोमीटर संख्या 318/4-5 पर जलभराव की स्थिति बनी है। पानी भरने के बाद रेलवे अधिकारियों ने ट्रैक की स्थिति को देखते हुए ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया। रेलवे का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और परिचालन को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया है।
*पीलीभीत जाने वालों को इज्जतनगर पहुंचना होगा*
55315 बरेली सिटी-पीलीभीत सवारी गाड़ी का संचालन बरेली सिटी के बजाय इज्जतनगर स्टेशन से शॉर्ट ओरिजिनेट किया जाएगा। ऐसे में बरेली सिटी से पीलीभीत जाने वाले यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए इज्जतनगर पहुंचना पड़ेगा।
*कासगंज वाली ट्रेन एक घंटे तक लेट, बदले रास्ते से दौड़ेगी*
55328 बरेली सिटी-कासगंज सवारी गाड़ी को बरेली से न्यूनतम 60 मिनट पुनर्निर्धारित किया गया है। इसके बाद ट्रेन को बरेली सिटी-बरेली जंक्शन (उत्तर रेलवे)-रामगंगा-बमियाना मार्ग से डायवर्ट कर चलाया जाएगा।
*कासगंज से आने वाली ट्रेन पर भी नजर*
55311 कासगंज-लालकुआं सवारी गाड़ी को कासगंज-बरेली सिटी के बीच रास्ते में नियंत्रित किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर इसे भी बमियाना-रामगंगा-बरेली जंक्शन-बरेली सिटी मार्ग से डायवर्ट किया जा सकता है।
*चौपुला पुल के नीचे ट्रैक से पंप लगाकर निकाला जा रहा पानी*
जलभराव के बाद रेलवे ने ट्रैक से पानी निकालने का काम भी शुरू कर दिया है। चौपुला पुल के नीचे से गुजर रहे रेलवे ट्रैक पर भरे पानी को पंप लगाकर बाहर निकाला जा रहा है। रेलवे कर्मचारी लगातार पानी निकालने में जुटे हैं, ताकि ट्रैक की स्थिति सामान्य होने के बाद प्रभावित ट्रेनों का संचालन फिर से सुचारु किया जा सके।
*रेलवे बोला-यात्रियों की सुरक्षा सबसे पहले*
*इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सफदर हुसैन* ने बताया कि बरेली सिटी-बरेली जंक्शन के बीच ट्रैक पर जलभराव के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ है। यात्रियों की सुरक्षा और परिचालन को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों के संचालन में अस्थायी परिवर्तन किया गया है। जलभराव की स्थिति के अनुसार आगे भी आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।















