*जन्माष्टमी पर्व एवं शिक्षक दिवस समारोह 2026 – भक्ति और सम्मान का दिव्य संगम*
आगरा। प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल आगरा के सभागार में श्री कृष्ण प्राकट्योत्सव की श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत विशेष प्रार्थना सभा और शिक्षक सम्मान के समारोह को एक साथ आयोजित किया गया। सर्वप्रथम प्रातः जन्माष्टमी की प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। समारोह का मंच संचालन कक्षा ग्यारहवीं के छात्र कैफ़ शम्सी एवं देवांशी सिंह द्वारा किया गया।
सभागार में उपस्थित सभी अतिथियों के स्वागत के उपरांत कक्षा बारहवीं की छात्रा पवित्रा बंसल ने जन्माष्टमी के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन और उनकी शिक्षाओं पर सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए गए। इसके पश्चात विद्यालय के निदेशकगण डॉ० सुशील गुप्ता एवं श्रीमती सुनीता गुप्ता, प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा सहजपाल ने भगवान श्रीकृष्ण का पूजन किया । “आरती कृष्ण मुरारी की” की मधुर धुन से पूरा सभागार भक्तिमय हो गया। नवांकुर विंग के नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक नृत्य प्रस्तुति ने सबका मन मोह लिया। एंड्रोमेडा हाउस के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कृष्ण लीला पर आधारित लघु नृत्य नाटिका ने कृष्ण के जीवन की लीलाओं को सजीव कर दिया। इसके बाद मटकी फोड़ ने उत्साह चरम पर पहुँचा दिया। निदेशक डॉo सुशील गुप्ता ने सभी को शुभकामनाएँ प्रदान करते हुए कहा कि श्री कृष्ण द्वारा दिए गए गीता के उपदेश हम सभी के लिए अनुकरणीय हैं। उनका जीवन हमारे लिए जीवन दर्शन है। तत्पश्चात एंड्रोमेडा सदन की कैप्टन यश्वी गुप्ता द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया । प्रसाद वितरण के साथ प्रार्थना सभा का समापन हुआ। जन्माष्टमी के भक्तिमय रंग के बाद शिक्षक दिवस कार्यक्रम”देशी ब्लिंग : सेलिब्रेटिंग विजडम इन स्टाइल (Celebrating Wisdom in Style )” थीम के साथ आयोजित किया गया। मंच संचालक अर्ज रागिनी, यथार्थ जग्गी, नमन गुप्ता एवं देवांशी सिंह द्वारा प्रभावशाली स्वागत के बाद राष्ट्र गीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।विद्यालय की छात्रा प्रमुख अर्शिया मखीजा एवं प्रेम गजाला ने शिक्षक दिवस पर शिक्षकों के महत्व पर प्रकाश डाला। निदेशकगण डॉ०सुशील गुप्ता एवं श्रीमती सुनीता गुप्ता, प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा सहजपाल,मुख्य शैक्षणिक संयोजिका द्वारा डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी को पुष्पांजलि अर्पित की गई। प्रधानाचार्या के द्वारा शिक्षकों को उनकी कर्तव्य निष्ठा की शपथ ग्रहण कराई। उन्होंने अपने संदेश में शिक्षकों की महत्ता बताते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माता बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षक देश के भविष्य के निर्माता हैं।
छात्राओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्रों द्वारा मॉर्डन बॉलीवुड स्किट प्रस्तुत की गई।छात्रों के द्वारा शिक्षकों को गरिमामयी उपाधियों से सम्मानित किया। शिक्षकों के लिए मनोरंजक खेल आयोजित किए गए। निदेशक डॉ० सुशील गुप्ता द्वारा शिक्षकों को शुभकामनाएँ प्रदान की गईं । उन्होंने शिक्षकों के योगदान के लिए उनकी प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षक किसी भी समाज का आधार होते हैं, जो देश के भावी कर्णधारों को शिक्षित एवं संस्कारवान बनाते हैं।विद्यालय की छात्र परिषद में डिप्टी हेड बॉय श्लोक सेठ द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।















