*जनगणना-2027 में पूछे जाएंगे 40 महत्वपूर्ण सवाल, परिवार से लेकर शिक्षा, रोजगार और आवास तक की जुटाई जाएगी जानकारी*
*जनगणना के द्वितीय चरण में प्रत्येक व्यक्ति का दर्ज होगा विस्तृत विवरण, जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने नागरिकों से सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की*
एटा 15 नवम्बर जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत कल 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्व गणना शुरू हो रही है,जनसंख्या गणना के दौरान नागरिकों से कुल 40 महत्वपूर्ण सवालों के माध्यम से विभिन्न जानकारियां एकत्र की जाएंगी। इन सवालों में व्यक्ति की व्यक्तिगत जानकारी, पारिवारिक संबंध, शिक्षा, रोजगार, आर्थिक गतिविधियों, आवास, प्रवास तथा उपलब्ध पहचान संबंधी दस्तावेजों तक के विभिन्न पहलुओं को शामिल किया गया है। इन जानकारियों के आधार पर देश की जनसांख्यिकीय, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति का विस्तृत आकलन किया जा सकेगा।
जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने बताया कि जनगणना किसी भी देश की विकास योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होती है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े समाज की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने तथा भविष्य की नीतियों एवं योजनाओं के बेहतर नियोजन में सहायक होते हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि जनगणना के दौरान प्रगणकों को सभी जानकारियां सही एवं स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराएं।
उन्होंने बताया कि जनगणना में पूछे जाने वाले शुरुआती सवालों में व्यक्ति का नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि एवं आयु, वैवाहिक स्थिति, विवाह के समय आयु, पति अथवा पत्नी का नाम, राष्ट्रीयता और धर्म से संबंधित जानकारी शामिल है। इसके अतिरिक्त अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से संबंधित विवरण तथा पिता और माता की जानकारी भी निर्धारित प्रश्नों के माध्यम से प्राप्त की जाएगी।
शिक्षा से जुड़े पहलुओं को भी विशेष महत्व दिया गया है। इसके अंतर्गत दिव्यांगता, मातृभाषा एवं अन्य भाषाओं का ज्ञान, साक्षरता और डिजिटल साक्षरता की स्थिति, शैक्षणिक संस्थान में अध्ययन, प्राप्त शिक्षा का उच्चतम स्तर तथा संकाय या विषय से संबंधित जानकारी दर्ज की जाएगी।
रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों से जुड़े सवालों में पिछले वर्ष किए गए कार्य, आर्थिक गतिविधि की श्रेणी, व्यवसाय, उद्योग अथवा व्यापार की प्रकृति, कार्य का स्वरूप तथा काम की तलाश में होने या काम के लिए उपलब्धता जैसी जानकारियां शामिल हैं। इसके साथ ही कार्यस्थल और जन्मस्थान से संबंधित विवरण भी लिया जाएगा।
जनगणना के प्रश्नों में प्रवास एवं आवास से संबंधित पहलुओं को भी शामिल किया गया है। इसमें पूर्व निवास स्थान, स्थान परिवर्तन का कारण, गांव अथवा नगर में निवास की अवधि तथा मकान के स्वामित्व की जानकारी प्राप्त की जाएगी। महिलाओं से संबंधित निर्धारित प्रश्नों में जीवित बच्चों की संख्या, अब तक जन्मे जीवित बच्चों की संख्या तथा एक वर्ष पूर्व जीवित बच्चों की संख्या से संबंधित विवरण भी शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त कोविड-19 टीकाकरण, बैंक खाते की उपलब्धता तथा मोबाइल नंबर, आधार नंबर, मतदाता पहचान पत्र, भारतीय पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से संबंधित सवाल भी निर्धारित किए गए हैं। इनमें कुछ जानकारियां दस्तावेजों की उपलब्धता के आधार पर पूछी जाएंगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 में डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है। 16 से 30 नवंबर 2026 तक नागरिक स्व-गणना पोर्टल https://se.census.gov.in के माध्यम से स्वयं जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनगणना में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर ही इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे जनगणना को अपनी सामूहिक जिम्मेदारी समझें और प्रशासन को पूरा सहयोग प्रदान करें।
हमारी जनगणना, हमारा विकास के संकल्प के साथ प्रत्येक नागरिक की भागीदारी ही बेहतर भविष्य की आधारशिला है।















