रिपोर्ट: अमित अग्रवाल गिरिडीह झारखंड
- सुनील कुमार खंडेलवाल ने उठाया राष्ट्रीय सम्मान का सवाल, कहा— तिरंगा बदलना समाधान नहीं, उसकी गरिमा की रक्षा करना रेल प्रशासन की जिम्मेदारी है।
गिरिडीह। गिरिडीह रेलवे स्टेशन पर फहराए जाने वाले राष्ट्रीय ध्वज के बार-बार क्षतिग्रस्त होने का मामला अब रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली तक पहुंच गया है।*
शहर के निवासी एवं जागरूक नागरिक सुनील कुमार खंडेलवाल ने इस गंभीर विषय को लेकर रेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए रेलवे बोर्ड के समक्ष पुनः शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई के लिए इसे रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक (पब्लिक ग्रीवांस) श्री रत्नेश कुमार झा, रेल भवन, नई दिल्ली को अग्रसारित किया गया है।
*खंडेलवाल ने बताया कि गिरिडीह रेलवे स्टेशन पर राष्ट्रीय ध्वज प्रत्येक 10 से 15 दिनों के भीतर क्षतिग्रस्त हो जाता है। इस संबंध में पूर्व में उनके द्वारा CPGRAMS पर दिनाँक -03/11/2026 को शिकायत संख्या MORLY/E/2026/0060717 दर्ज कराई गई थी। इसके जवाब में पूर्व रेलवे, आसनसोल मंडल ने अपने पत्र संख्या WM/R/CPGRAMS, दिनांक : 12 नवंबर 2026 के माध्यम से सूचित किया कि रेलवे स्टेशन पर राष्ट्रीय ध्वज बदलकर विधिवत फहरा दिया गया है।*
लेकिन विडंबना देखिए कि जिस दिन रेल प्रशासन द्वारा झंडा बदलने की सूचना दी गई, उसी दिन पुनः स्टेशन पर जाकर निरीक्षण करने पर पाया गया कि नया लगाया गया राष्ट्रीय ध्वज भी ऊपरी हिस्से में क्षतिग्रस्त हो चुका है। यह स्थिति रेलवे प्रशासन की व्यवस्था, ध्वज की गुणवत्ता और उसके रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
सुनील कुमार खंडेलवाल ने गहरी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज महज कपड़े का एक टुकड़ा नहीं है, बल्कि यह देश की संप्रभुता, स्वतंत्रता, गौरव, राष्ट्रीय अस्मिता और करोड़ों देशवासियों की भावनाओं एवं बलिदान का प्रतीक है। जिस तिरंगे के सम्मान के लिए देश के वीर जवान अपने प्राणों की आहुति देने से भी पीछे नहीं हटते, उसी तिरंगे को रेलवे स्टेशन पर बार-बार क्षतिग्रस्त अवस्था में फहरते देखना अत्यंत पीड़ादायक है।
उन्होंने कहा कि सबसे दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि यदि कोई जागरूक नागरिक शिकायत नहीं करे तो क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय ध्वज लंबे समय तक उसी अवस्था में फहरता रहता है अथवा उसे उतारकर रख दिया जाता है। शिकायत के बाद भी तत्काल कार्रवाई नहीं होती और कई बार स्मार-पत्र देना पड़ता है। अंततः झंडा बदला जाता है, लेकिन कुछ ही दिनों में वही स्थिति दोबारा उत्पन्न हो जाती है। क्या राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान की रक्षा के लिए नागरिकों को बार-बार शिकायत और अनुस्मारक देने पड़ेंगे ?
खंडेलवाल ने मांग की है कि वर्तमान में क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय ध्वज को तत्काल हटाकर निर्धारित मानकों के अनुरूप नया ध्वज लगाया जाए। साथ ही प्रत्येक 10-15 दिनों में ध्वज क्षतिग्रस्त होने के वास्तविक कारणों की तकनीकी एवं प्रशासनिक जांच कराई जाए। ध्वज की गुणवत्ता, कपड़े, खंभे, रस्सी एवं फहराने की पूरी व्यवस्था की जांच हो तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही निर्धारित की जाए।
इसके अतिरिक्त नियमित निरीक्षण एवं रखरखाव की स्थायी व्यवस्था बनाई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनका उद्देश्य केवल एक क्षतिग्रस्त झंडे को* *बदलवाना नहीं है, बल्कि उस व्यवस्था में सुधार कराना है जिसके कारण बार-बार राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा आहत हो रही है। हर बार शिकायत के बाद झंडा बदल देना और कुछ दिनों बाद फिर वही स्थिति उत्पन्न हो जाना किसी भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सकता।
उन्होंने रेलवे बोर्ड एवं संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया है कि इस मामले को सामान्य शिकायत मानकर औपचारिक रूप से निस्तारित न किया जाए, बल्कि राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े गंभीर विषय के रूप में लेते हुए इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषपूर्ण व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।
अंत में खंडेलवाल ने कहा कि “तिरंगा किसी विभाग, अधिकारी या कर्मचारी की निजी जिम्मेदारी भर नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के सम्मान का प्रतीक है। इसकी गरिमा की रक्षा करना प्रत्येक सरकारी संस्थान का नैतिक एवं राष्ट्रीय दायित्व है।
*तिरंगे का सम्मान राष्ट्र का सम्मान है और इसके प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए।*
















