*आगरा दक्षिण: गढ़ी भदौरिया के बीधा नगर में सड़कों के निर्माण का भूमिपूजन*
*कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने लगाई जन चौपाल*
*विकास एवं जन सेवा सरकार की प्राथमिकता- योगेंद्र उपाध्याय*
आगरा। आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के समग्र और चहुंमुखी विकास के संकल्प को गति देते हुए ‘मुख्यमंत्री त्वरित आर्थिक विकास योजना’ के अंतर्गत एक बड़ी सौगात दी गई है। क्षेत्र के गढ़ी भदौरिया स्थित बीधा नगर में सड़कों के भव्य निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन कर शुभारंभ किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर स्थानीय जनता ने ढोल-नगाड़ों और अपार स्नेह के साथ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय का जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया। यह महत्वपूर्ण विकास कार्य क्षेत्र की आधारभूत संरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) को सुदृढ़ करने के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगा। भूमिपूजन के उपरांत कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने क्षेत्र का सघन भ्रमण किया और स्थानीय निवासियों के बीच बैठकर ‘जन चौपाल’ लगाई। जन चौपाल में उन्होंने सीधे जनता से संवाद कर उनकी बुनियादी समस्याओं को सुना और मौके पर ही मौजूद अधिकारियों को उनके त्वरित व स्थाई समाधान के कड़े निर्देश दिए।
*विकास और जनसेवा हमारी शीर्ष प्राथमिकता: योगेंद्र उपाध्याय*
इस अवसर पर जनता को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास और हर नागरिक के जीवन को सुगम बनाना हमारा परम संकल्प है। मुख्यमंत्री त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत बीधा नगर में शुरू हुआ यह सड़क निर्माण कार्य स्थानीय बुनियादी ढांचे को एक नई मजबूती देगा। हमारा लक्ष्य सिर्फ सड़कें बनाना नहीं बल्कि विकास की मुख्यधारा को क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है। जनता ने हमें जो स्नेह और विश्वास दिया है, उसकी सेवा के लिए हम दिन-रात प्रतिबद्ध हैं। जन चौपाल के माध्यम से हर समस्या का समाधान सीधे जनता के बीच पहुँचकर किया जा रहा है और विकास का यह पहिया रुकने वाला नहीं है। सड़क निर्माण की शुरुआत और जन चौपाल में त्वरित कार्रवाई से गढ़ी भदौरिया और बीधा नगर के क्षेत्रीय नागरिकों में भारी उत्साह है। स्थानीय जनता ने इस बड़ी सौगात के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय का सहृदय आभार व्यक्त किया है। कार्यक्रम में धीरज कोहली,शिवकुमार शर्मा , तरूण पिप्पल ,सूरज शर्मा , रवि भूषण,
क्षेत्र के प्रमुख गणमान्य नागरिक, समाज सेवी और भारी संख्या में क्षेत्रीय माताएं-बहनें व युवा उपस्थित रहे।















