– के के पाठक, मिर्जापुर – खास रिपोर्ट
—
छात्र राजनीति में भूचाल – भभुआर के शेर आशीष ओझा ने थामा साइकिल का हैंडल, नरायनपुर के हेमा लॉन में गूंजा – जय समाजवाद का नारा।

मिर्जापुर।नरायनपुर ब्लॉक की राजनीति में रविवार को उस समय भूचाल आ गया जब क्षेत्र के सबसे तेजतर्रार और युवाओं के दिलों पर राज करने वाले पूर्व छात्र नेता आशीष ओझा ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया।
ग्राम सभा भभुआर निवासी आशीष ओझा ने नरायनपुर स्थित हेमा लॉन में आयोजित एक भव्य समारोह में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान लॉन खचाखच कार्यकर्ताओं से भरा रहा और आशीष ओझा जिंदाबाद के नारों से पूरा पंडाल गूंज उठा।
पार्टी के जिला अध्यक्ष मिर्जापुर अशोक यादव ने अपने हाथों से माला पहनाकर और पार्टी का पटका पहनाकर उन्हें विधिवत रूप से समाजवादी पार्टी में शामिल कराया। इस महत्वपूर्ण मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता अमरनाथ भारती और कामरान भाई भी विशेष रूप से मौजूद रहे और उन्होंने आशीष ओझा को बधाई दी।
इस सदस्यता ग्रहण के साथ ही चुनार विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी को एक बड़ा युवा चेहरा मिल गया है, जो आने वाले स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव में पार्टी के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है।
आशीष ओझा का पहला ऐलान और जिला अध्यक्ष का गुरु-मंत्र – बूथ जीता तो चुनाव जीता
समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद अपने पहले संबोधन में नवनियुक्त नेता आशीष ओझा ने कहा –
“मैं आज से समाजवादी पार्टी का एक सिपाही हूं। मैं पार्टी के सभी उच्च पदाधिकारियों की देखरेख में सदैव तन-मन-धन से पार्टी की सेवा करूंगा। मुझे जो भी पद और जिम्मेदारी दी जाएगी, मैं अपने पद के अनुसार क्षेत्र में जो भी समस्याएं आएंगी, अपने उच्च पदाधिकारियों के सहयोग से उनका शत-प्रतिशत निस्तारण करने का पूरा प्रयास करूंगा। अब लड़ाई भभुआर से लखनऊ तक लड़ी जाएगी।”
वहीं इस मौके पर जिला अध्यक्ष अशोक यादव ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। उन्होंने कहा –
“याद रखिए, कोई भी चुनाव नेता नहीं, बल्कि पार्टी के सेक्टर और बूथ कार्यकर्ता ही जिताते हैं। आप सभी बूथ को मजबूत करिए। आगामी स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव में अपना पूर्ण सहयोग देकर अपने प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने का कार्य करें। आशीष ओझा जैसे युवा के आने से संगठन में नया खून आया है।”
जिला अध्यक्ष के इस बयान से कार्यकर्ताओं में नया जोश भर गया।
हेमा लॉन में जुटा दिग्गजों का जमावड़ा – पूर्व विधायकों से लेकर पूर्व जिला अध्यक्ष तक ने दी बधाई
यह सदस्यता कार्यक्रम सिर्फ एक ज्वाइनिंग नहीं, बल्कि शक्ति प्रदर्शन बन गया। इस ऐतिहासिक मौके पर समाजवादी पार्टी के कई कद्दावर नेता मौजूद रहे।
मुख्य रूप से पूर्व विधायक चुनार जगदंबा सिंह पटेल, पूर्व विधायक प्रत्याशी चुनार रामराज सिंह पटेल, सुनील सिंह पटेल, राणा प्रताप सिंह, सुरेंद्र सिंह पटेल, प्रभात सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष मिर्जापुर शिव शंकर यादव, परवीन बानो, शोले देवी बियार, सूर्यकांत पटेल, दिनेश यादव, महेश ओझा, रवि प्रकाश त्रिपाठी, दिलीप गुप्ता, लालजी पटेल, विजय उपाध्याय सहित सैकड़ों विशिष्ट क्षेत्रवासी और कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे।
सभी नेताओं ने आशीष ओझा के उज्जवल भविष्य की कामना की और कहा कि उनके आने से नरायनपुर ब्लॉक में पार्टी और मजबूत होगी।
कार्यक्रम के अंत में आशीष ओझा ने सभी अतिथियों और अपने समर्थकों का आभार व्यक्त किया।















