*आगरा में छठ पूजा की तैयारियां तेज, यमुना घाटों पर सुरक्षा, रोशनी और सफाई के पुख्ता इंतजाम*
*- नगर आयुक्त ने सीताराम घाट और हाथी घाट का किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश*
*- श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर बनाए जाएंगे कृत्रिम तालाब, यमुना में नहीं जाएगी पूजन सामग्री*
*- योगी सरकार के निर्देश पर यमुना को प्रदूषण मुक्त रखने और सुरक्षित पूजा के लिए चलाया जा रहा विशेष अभियान*
*आगरा, 12 नवंबर।* सूर्योपासना और लोक आस्था के महापर्व ‘छठ पूजा’ को लेकर ताजनगरी में तैयारियां तेज हो गई हैं। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के स्पष्ट निर्देश हैं कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और नदियों को प्रदूषण से बचाया जाए। 15 और 16 नवंबर को मनाए जाने वाले इस पर्व के मद्देनजर नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने स्थानीय विधायक धर्मपाल सिंह के साथ सीताराम घाट और हाथी घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को साफ-सफाई, प्रकाश, बैरिकेडिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम समय रहते पूरे करने के सख्त निर्देश दिए गए।
*सुरक्षित पूजा के लिए घाटों पर बनेंगे कृत्रिम तालाब*
यमुना नदी को प्रदूषण मुक्त रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए इस बार घाटों पर गड्ढे और तालाब नुमा कृत्रिम संरचनाएं तैयार कराई जा रही हैं, ताकि किसी को गहरे पानी में उतरने की जरूरत न पड़े। इसके अलावा पूजन सामग्री को सीधे यमुना में प्रवाहित करने से रोकने के लिए उसके निस्तारण की अलग व्यवस्था की जा रही है। घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों को गड्ढामुक्त कर वहां पर्याप्त रोशनी के इंतजाम किए जा रहे हैं।
*नगर निगम की तैयारियां तेज, घाटों पर पुख्ता इंतजाम*
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि छठ पूजा के अवसर पर यमुना के विभिन्न घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु सूर्यास्त और सूर्योदय के समय पहुंचते हैं। ऐसे में सभी आयोजन स्थलों पर पहले से ही आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि किसी को कोई असुविधा न हो और कोई अप्रिय घटना न घटे। जोनल अधिकारियों को व्यक्तिगत निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
*स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण में छठ पूजा करेंगे श्रद्धालु*
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने कहा कि नगर निगम प्रशासन का मुख्य प्रयास है कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को एक स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए घाटों की सफाई से लेकर प्रकाश, बैरिकेडिंग और पूजन सामग्री के सुरक्षित निस्तारण तक, सभी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा कराया जा रहा है।














