*सेवा संकल्प फाउंडेशन ने लगाया रक्तदान शिविर; जरूरतमंदों की मदद को आगे आए युवा*
आगरा:सामाजिक संस्था ‘सेवा संकल्प फाउंडेशन’ (NGO) द्वारा वार्ड 29, अंबेडकर चौपाल, नगला टीन (धांधूपुरा, ताजगंज) में एक विशाल रक्तदान शिविर (ब्लड डोनेशन कैंप) का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य गरीब, असहाय और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना एवं मानव सेवा के प्रति समाज को जागरूक करना रहा। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि आगरा नगर निगम के नगर स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजीव वर्मा जी द्वारा किया गया। उन्होंने संस्था के इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है, जिससे किसी का अनमोल जीवन बचाया जा सकता है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में ताजगंज जोन के ZSO श्री राजीव बालियान जी तथा क्षेत्रीय पार्षद डॉ. गंगाराम माथुर जी उपस्थित रहे। अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और समाज के हर वर्ग से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। इस सेवा कार्य को सफल बनाने में अंबेडकर चौपाल के प्रबंधक/व्यवस्थापक श्री रतन सिंह गौतम जी, श्री कमल पिप्पल जी एवं उनकी पूरी टीम का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के आयोजक व सेवा संकल्प फाउंडेशन के कर्मठ सदस्य अमर सिंह, संतोष डागौर, सर्वेश लोधे, अंकित चौहान, करन भाई, सुंदर सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता व गणमान्य लोग मौजूद रहे। शिविर में स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया और सेवा संकल्प का संदेश दिया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों और रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया।















