**योगी सरकार की योजना से युवा बने जॉब क्रिएटर*
*- ₹5 लाख तक के ब्याज और गारंटी मुक्त ऋण की सुविधा*
*- स्वरोजगार के क्षेत्र में महिलाएं भी दिखा रहीं अपनी ताकत*
*- पारदर्शी आवेदन प्रक्रिया से युवाओं का बढ़ा आत्मविश्वास*
*मथुरा, 21 अप्रैल।* उत्तर प्रदेश की योगी सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के लिए जमीनी स्तर पर शानदार काम कर रही है। सरकार का स्पष्ट उद्देश्य युवाओं को केवल जॉब सीकर नही, जॉब क्रिएटर बनाना है। ब्रज क्षेत्र के मथुरा जनपद में ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना’ युवाओं के इन सपनों को एक नई उड़ान दे रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के नए आंकड़ों के अनुसार, मथुरा जिले के हजारों युवाओं ने इस बेहतरीन योजना का लाभ उठाकर अपने सूक्ष्म उद्यम स्थापित करने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाए हैं।
*बिना बैंक गारंटी मिल रहा ₹5 लाख तक का लोन*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 24 जनवरी 2025 को शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त और बिना किसी बैंक गारंटी के ऋण प्रदान किया जा रहा है। मथुरा जनपद में इस वित्तीय वर्ष में अब तक 6683 युवाओं ने इस योजना के तहत आवेदन किया है। प्रशासन ने पूरी जांच के बाद 2074 आवेदनों को अपनी स्वीकृति दे दी है। खास बात यह है कि इनमें से 2028 लाभार्थियों को 806.96 लाख रुपये की मार्जिन मनी (वित्तीय सहायता) वितरित की जा चुकी है, जिससे जिले में छोटे-छोटे उद्योगों का एक नया जाल बिछने लगा है।
*स्वरोजगार में महिलाएं भी दिखा रहीं अपना दम*
मथुरा में इस लाभकारी योजना का फायदा उठाने में आधी आबादी यानी महिलाएं भी बिल्कुल पीछे नहीं हैं। योजना के तहत स्वीकृत हुए कुल आवेदनों में 1419 पुरुष और 609 महिलाएं शामिल हैं। महिलाओं की इतनी बड़ी भागीदारी यह साफ दर्शाती है कि योगी सरकार की नीतियां नारी शक्ति को भी आर्थिक रूप से मजबूत और सशक्त बनाने में पूरी तरह सफल सिद्ध हो रही हैं। पारदर्शी प्रक्रिया और बिना किसी झंझट के मिल रही आर्थिक मदद ने युवाओं का आत्मविश्वास काफी बढ़ाया है। वे अब मैन्युफैक्चरिंग, सर्विस सेक्टर और ट्रेडिंग में अपनी खुद की यूनिट्स लगा रहे हैं, जिससे उनकी आय तो बढ़ ही रही है, साथ ही वे स्थानीय स्तर पर अन्य लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा कर रहे हैं।
*सीएम युवा योजना साबित हो रही है ‘गेम चेंजर’*
उपायुक्त उद्योग चंद्रभान सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना मथुरा के युवाओं के लिए सही मायनों में गेम चेंजर साबित हो रही है। हम आवेदन से लेकर ऋण वितरण तक की पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुगम बना रहे हैं। इसी का नतीजा है कि 2028 युवाओं को 806.96 लाख रुपए की वित्तीय सहायता दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि हमारा विशेष फोकस महिला उद्यमियों और नए नवाचारी (इनोवेटिव) आइडिया वाले युवाओं पर है। जो भी युवा अपना खुद का काम शुरू करना चाहते हैं, उनके लिए यह योजना एक स्वर्णिम अवसर है।







