*यूपीएमआरसी ने लॉन्च किए 12 अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन तकनीकी कोर्स*

*- नाममात्र की फीस पर विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, सफल समापन पर मिलेगा प्रमाणपत्र*
*- ट्रेन कंट्रोल, सिग्नलिंग और HVAC सिस्टम जैसे तकनीकी विषयों पर मिलेगी हाई-टेक ट्रेनिंग*
*- 5डी सिम्युलेटर, 6 आधुनिक क्लासरूम और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट सेंटर से लैस है संस्थान*
*- उत्तर प्रदेश को तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास का हब बनाने पर योगी सरकार का जोर*
*आगरा, 28 जुलाई।* उत्तर प्रदेश को तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास का हब बनाने की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर ट्रेनिंग’ (सीओईटी) ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सीओईटी ने रेलवे और मेट्रो क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों, इंजीनियरों, तकनीकी कर्मचारियों और पेशेवरों के लिए 12 अंतरराष्ट्रीय स्तर के ऑनलाइन तकनीकी प्रशिक्षण कोर्स लॉन्च किए हैं।
*नाममात्र की फीस और 90 दिन की वैधता*
ये सभी कोर्स पूरी तरह से ऑनलाइन और वीडियो आधारित हैं, जिनकी अवधि 75 से 120 मिनट के बीच है। भारतीय प्रतिभागियों के लिए प्रत्येक कोर्स की फीस मात्र ₹200 तय की गई है, जबकि विदेशी प्रतिभागियों के लिए यह शुल्क 100 अमेरिकी डॉलर है। लॉगिन जारी होने के बाद कोर्स की वैधता 90 दिनों की होगी और इसे सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा।
*इन प्रमुख विषयों पर मिलेगी ट्रेनिंग*
यूपीएमआरसी के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर ट्रेनिंग द्वारा शुरू किए गए कोर्सों में मेट्रो ट्रेन प्रणाली का परिचय, ट्रेन कंट्रोल एवं मॉनिटरिंग सिस्टम (टीसीएमएस), डोर सिस्टम, एचवीएसी सिस्टम, ड्राइवर मशीन इंटरफेस (डीएमआई), ऑन- बोर्ड ऑटोमेटिक ट्रेन कंट्रोल, एमजेएल-11 एवं आईआरएस ए24 पॉइंट मशीन, सीबीटीसी सिग्नलिंग सिस्टम, ऑटोमेटिक गेट और टिकट ऑफिस मशीन (टीओएम) जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण और तकनीकी विषय शामिल हैं।
*अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बन चुकी है पहचान*
भारत सरकार के कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन से मान्यता प्राप्त यह सेंटर संचालन व अनुरक्षण के लिए एक अत्याधुनिक केंद्र है। इसकी गुणवत्ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जर्मनी की प्रतिष्ठित रेल कंपनी डॉयचे बान (डीबी) के 160 से अधिक कर्मचारी यहां से ट्रेनिंग ले चुके हैं। साथ ही यह सेंटर अहमदाबाद मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन को भी अपनी कंसल्टेंसी सेवाएं दे चुका है।
*अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है सेंटर*
सीओईटी में प्रशिक्षण के लिए हाई-टेक सुविधाएं मौजूद हैं। इनमें 150 लोगों की क्षमता वाला आधुनिक ऑडिटोरियम, 5डी मोशन ड्राइविंग सिम्युलेटर, 4 डेस्कटॉप ट्रेन ड्राइविंग सिम्युलेटर, रोलिंग स्टॉक मेंटेनेंस सिम्युलेटर, ऑटोमैटिक ट्रेन सुपरविजन एवं स्काडा सिम्युलेटर शामिल हैं। इसके अलावा यहां कंप्यूटर आधारित प्रशिक्षण मॉड्यूल, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट सेंटर, लाइब्रेरी और 6 आधुनिक क्लासरूम भी बनाए गए हैं।
*वर्जन-*
“यूपीएमआरसी का यह प्रशिक्षण संस्थान देश के सबसे आधुनिक मेट्रो रेल प्रशिक्षण केंद्रों में से एक है। ऑनलाइन कोर्सों की यह शानदार पहल देश-विदेश के पेशेवरों को उच्च गुणवत्ता वाला तकनीकी प्रशिक्षण सुगमता से उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।” *- सुशील कुमार, प्रबंध निदेशक, यूपीएमआरसी*









