मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत बुधवार को 400 से अधिक जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह, रिपोर्ट रमा मिश्रा

*मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत बुधवार को 400 से अधिक जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह*

 

*सकीट रोड स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में सभी तैयारियां पूर्ण,जनपद स्तरीय अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व*

एटा, 30 जून।कल बुधवार को मुख्यमंत्री जी की महत्वाकांक्षी फ्लैगशिप मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 01 जुलाई को जनपद के सकीट रोड स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन जिला प्रशासन द्वारा किया जाएगा। समारोह में जनपद के समस्त विकास खंडों एवं नगरीय निकायों से चयनित लगभग 400 से अधिक पात्र जोड़ों का वैवाहिक संस्कार एवं निकाह संपन्न कराया जाएगा।

जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र के मार्गदर्शन में कार्यक्रम को भव्य, गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। समारोह स्थल पर पंडाल, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा, सुरक्षा, स्वच्छता, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी एवं संवेदनशील योजना है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की पुत्रियों का सम्मानपूर्वक विवाह संपन्न कराना तथा समाज में सामाजिक समरसता, समानता एवं भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम के प्रत्येक चरण का सफलतापूर्वक संचालन सुनिश्चित करते हुए सभी पात्र लाभार्थियों को शासन की मंशा के अनुरूप योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यम त्रिपाठी ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रति जोड़ा ₹1,00,000 की वित्तीय सहायता अनुमन्य है। इसमें ₹60,000 की धनराशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में अंतरित की जाती है, ₹15,000 विवाह समारोह के आयोजन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं पर व्यय किए जाते हैं, जबकि ₹21,000 मूल्य के उपहार नवदंपति को प्रदान किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष शासन के निर्देशानुसार चांदी की पायल के स्थान पर ₹4,000 की धनराशि लाभार्थियों को अतिरिक्त प्रदान की जाएगी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। यह योजना सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के साथ-साथ पात्र परिवारों को सम्मानपूर्वक वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत का अवसर प्रदान कर रही है।जिला सूचना कार्यालय एटा 👆

Leave a Comment