*छात्रों को सीपीआर का प्रशिक्षण दे जीवन रक्षक बनाया सीपीआर पर एक दीवसीय प्रशिक्षण का आयोजन*
आगरा। एनसीसी आर्मी विंग आगरा कॉलेज एवं इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (IAP), आगरा शाखा, द्वारा आगरा कॉलेज के ऑडिटोरियम में छात्रों के लिए कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) पर एक व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा नागरिकों को आकस्मिक हृदयाघात (cardiac arrest) के समय जीवन बचाने के लिए सटीक शारीरिक कौशल से लैस करना है। मुख्य चिकित्सा प्रशिक्षक प्रतिष्ठित बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनील अग्रवाल ने ‘मिनीकिन्स’ पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। केवल सैद्धांतिक ज्ञान देने के बजाय, इस 90 मिनट के सत्र में लाइव प्रदर्शन के साथ-साथ व्यावहारिक अभ्यास कराया। उन्होंने छात्रों को “मिनीकिन्स” (विशेष सीपीआर प्रशिक्षण पुतलों) पर सीधे चेस्ट कंप्रेशन (छाती दबाना) और सांस देने की तकनीकों का अभ्यास कराया, जिससे विद्यार्थियों को वास्तविक आपातकालीन स्थिति से निपटने का आत्मविश्वास और सही तरीका आ सके। आईएपी सीपीआर की स्टेट कॉर्डिनेटर डा सोनिया भट्ट ने सार्वजनिक सीपीआर कौशल की तत्काल आवश्यकता बताई। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण भारत के लिए एक महत्वपूर्ण समय पर हो रहा है, जहां केवल 2% से भी कम आबादी सीपीआर करना जानती है। लगभग 80% से 82% हृदयाघात अस्पताल के बाहर होते हैं। जिससे आम नागरिक ही पहले उत्तरदाता बन जाते हैं। बिना किसी सहायता के बीतने वाला हर एक मिनट पीड़ित के बचने की संभावना को 7% से 10% तक कम कर देता है और मस्तिष्क की स्थायी चोट का खतरा बढ़ा देता है। चूंकि एम्बुलेंस अक्सर ट्रैफिक के कारण पहले महत्वपूर्ण तीन मिनट के भीतर नहीं पहुंच पाती हैं, इसलिए आस-पास मौजूद लोगों द्वारा तुरंत दिया गया सीपीआर जीवनदान साबित होता है। जिन देशों में सार्वजनिक प्रशिक्षण व्यापक है, वहां तत्काल सीपीआर से 40% से 60% तक जानें बचाई जाती हैं। कार्यक्रम में एनसीसी आर्मी विंग के कंपनी कमांडर कैप्टन अमित अग्रवाल ने कार्यक्रम की भूमिका रखी। एयर विंग के फ्लाइंग ऑफिसर नीतिश शर्मा ने संचालन तथा डा सत्यदेव शर्मा ने अतिथियों का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो वीके सिंह ने की। बायोटेक विभाग अध्यक्ष डा संध्या अग्रवाल, डा दिव्या अग्रवाल, डा नीता रानी, डा रवि शंकर सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। एनएसएस प्रभारी डा आनंद प्रताप सिंह ने भी अपने विचार रखें। इस अवसर पर प्रो आरके श्रीवास्तव, प्रो संचिता सिंह, प्रो कल्पना चतुर्वेदी, प्रो आशीष कुमार, डा रंजीत, डॉ अश्विनी शर्मा, डा हरेंद्र शर्मा आदि उपस्थित रहे। इस अवसर पर एनसीसी आर्मी विंग, एयर विंग, बायोटेक्नोलॉजी विभाग, एनएसएस आदि के विद्यार्थि उपस्थित। इससे पूर्व अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीपक प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।








