किशनगंज जिले के पोठिया प्रखंड अंतर्गत छत्तरगाछ कर्बला मैदान में शुक्रवार को मुहर्रम का पर्व शांति, सौहार्द और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न गांवों से निकले ताजिया जुलूस कर्बला मैदान पहुंचे, जहां अखाड़ों के खिलाड़ियों ने लाठी, तलवार, फरसा सहित पारंपरिक हथियारों से आकर्षक करतब प्रस्तुत किए। इन करतबों की एक झलक देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग कर्बला मैदान में उमड़ पड़े।
कर्बला मैदान के चारों ओर तथा आसपास की इमारतों की छतों पर भी पुरुष, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद रहे। जुलूस में शामिल लोगों के लिए छत्तरगाछ बस पड़ाव के समीप पानी और शरबत की व्यवस्था की गई थी। रास्ते के प्रमुख चौक-चौराहों पर विभिन्न अखाड़ों के बीच पारंपरिक खेल और करतबों का प्रदर्शन होता रहा। इस बार कई अखाड़ों ने अलग-अलग वेशभूषा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
जुलूस छत्तरगाछ, अठ्याबाड़ी, खानका, सिंघिमारी, सातमेरी, दीघली, भोटाथाना, सतबोलिया तथा सोहागी सहित विभिन्न गांवों से निकलकर बसारतनगर पुलिया में एकत्रित हुआ। इसके बाद मियाबस्ती, बैंक चौक और मंदिर रोड होते हुए हजारों की संख्या में खिलाड़ी जोश और उत्साह के साथ कर्बला मैदान पहुंचे। आयोजन को सफल बनाने में छत्तरगाछ कर्बला कमेटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वहीं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए छत्तरगाछ कैंप प्रभारी शैलेश कुमार, पहाड़कट्टा थाना प्रभारी फुलेंद्र कुमार महिला एवं पुरुष पुलिस बल के साथ पूरे क्षेत्र में मुस्तैद रहे। मजिस्ट्रेट की ड्यूटी में बीपीआरओ शादाब अनवर भी पूरे आयोजन के दौरान मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। प्रशासन की सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से पूरा मुहर्रम पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ।









