भीषण गर्मी में आगजनी की हो रही घटनाओं को लेकर प्रशासन सतर्क। जिला आपदा प्रबंधन द्वारा जनपदवासियों से सतर्कता बरतने एवं अग्नि सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील, रिपोर्ट गीत निशा

भीषण गर्मी में आगजनी की हो रही घटनाओं को लेकर प्रशासन सतर्क।

 

जिला आपदा प्रबंधन द्वारा जनपदवासियों से सतर्कता बरतने एवं अग्नि सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील।

 

 

एटा– जनपद एटा में पड़ रही भीषण गर्मी एवं बढ़ते तापमान के दृष्टिगत मलावन पावर प्लांट कुछ अन्य स्थानों पर आग लगने की घटनाएं प्रकाश में आई हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अरविंद सिंह द्वारा सभी उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क दृष्टि बनाए रखने तथा आवश्यक निवारक एवं राहत संबंधी कार्यवाही सक्रिय रूप से सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा है कि गर्मी के मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, फायर सर्विस एवं स्थानीय प्रशासन के मध्य समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी घटना की सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।इसी क्रम में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जनसामान्य के लिए आगजनी की घटनाओं से बचाव हेतु एडवाइजरी जारी की गई है। जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि किसान फसल अवशेष एवं कूड़ा-करकट में आग न लगाएं, विद्युत उपकरणों का सावधानीपूर्वक प्रयोग करें तथा घरों एवं दुकानों में शॉर्ट सर्किट से बचाव हेतु विद्युत तारों की नियमित जांच कराते रहें। गैस सिलेंडर एवं ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित स्थान पर रखें तथा बच्चों को माचिस, लाइटर आदि से दूर रखें।

एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि खुले स्थानों पर जलती बीड़ी, सिगरेट अथवा अन्य ज्वलनशील वस्तुएं न फेंकी जाएं। आग लगने की स्थिति में तत्काल फायर ब्रिगेड एवं स्थानीय प्रशासन को सूचना दें तथा अफवाहों से बचें। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान विशेष सावधानी बरतें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तत्काल अवगत कराएं, जिससे समय रहते प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।

Leave a Comment