एटा में बाइक सवार छात्र को कैंटर ने कुचला, मौत, 2 दिन पहले ही घर आई थी नई स्प्लेंडर, साथी गंभीर घायल
एटा के रिजोर थाना क्षेत्र अंतर्गत कन्हैया चौराहे पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार दो दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 11वीं कक्षा के 18 वर्षीय छात्र शिवम की मौके पर ही मौ$त हो गई, जबकि उसका साथी सागर उर्फ रंजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सागर की नाजुक हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
बाजार करने एटा आए थे दोनों दोस्त
जानकारी के मुताबिक, पिलुआ थाना क्षेत्र के मुखरना गांव निवासी शिवम अपने दोस्त सागर उर्फ रंजीत के साथ किसी काम से एटा बाजार आया हुआ था। जैसे ही दोनों बाइक से कन्हैया चौराहे के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी स्प्लेंडर बाइक में भीषण टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शिवम सड़क पर गिर पड़ा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दो दिन पहले आई थी नई बाइक, परिवार में छाया मातम
बताया जा रहा है कि शिवम के घर दो दिन पहले ही नई स्प्लेंडर बाइक खरीदी गई थी, जिसे लेकर वह बेहद खुश था। शिवम एक गरीब मजदूर परिवार से ताल्लुक रखता था और अपने परिवार का मुख्य सहारा था। महज छह महीने पहले ही उसकी बहन की शादी हुई थी। शिवम की अचानक मौ$त की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।








