दिव्यांगजन कल्याण हेतु विशेष शिविरों का आयोजन 12 मई से, रिपोर्ट राम नरेश सिंह

*दिव्यांगजन कल्याण हेतु विशेष शिविरों का आयोजन 12 मई से*

 

*एटा 04 मई 2026(सू0वि0)।* जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के निर्देशों के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्रा ने बताया है कि जनपद में दिव्यांगजनों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान करने एवं उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु विकासखण्ड स्तर पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इन शिविरों में दिव्यांगजन पेंशन योजना, कृत्रिम अंग/सहायक उपकरण वितरण, ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, दृष्टिबाधितों हेतु स्मार्ट फोन/टेबलेट, मानसिक रूप से दिव्यांगजनों के लिए दैनिक जीवन उपयोगी सहायता, यूडीआईडी कार्ड निर्माण, दुकान निर्माण/संचालन, शादी अनुदान योजना आदि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को उपलब्ध कराया जाएगा।

शिविरों का आयोजन प्रातः 11 बजे से सायं 04 बजे तक किया जाएगा। निर्धारित तिथियों के अनुसार 12 मई से 28 मई 2026 तक विभिन्न विकासखण्डों—शीतलपुर, सकीट, जलेसर, निधौली कला, अवागढ़, मारहरा, जैथरा एवं अलीगंज—में शिविर लगाए जाएंगे। दिनांक 12 मई 2026 को विकास खण्ड शीतलपुर में, 14 मई 2026 को विकास खण्ड सकीट में, 16 मई 2026 को विकास खण्ड जलेसर में,19 मई 2026 को विकास खण्ड निधौलीकलां में, 21 मई 2026 को विकास खण्ड अवागढ़ में, 23 मई 2026 को विकास खण्ड मारहरा में, 26 मई 2026 को विकास खण्ड जैथरा में, 28 मई 2026 को विकास खण्ड अलीगंज में शिविर का आयोजन किया जायेगा।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक शिविर में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे तथा मौके पर ही आवेदन, सत्यापन एवं आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। दिव्यांगजन मेडिकल बोर्ड द्वारा प्रमाण-पत्र जारी किए जाएंगे तथा यूडीआईडी कार्ड भी बनाए जाएंगे। लंबित मामलों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति एवं ऑनलाइन आवेदन हेतु आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक सूचना पहुंचाकर उन्हें शिविरों में प्रतिभाग करने हेतु प्रेरित किया जाए।

मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद के समस्त दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाएं।

Leave a Comment