सपा नेता के पिता 13 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार, जेल भेजे
मथुरा,रिफाइनरी। थाना रिफाइनरी क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में 72 वर्षीय वृद्ध विशम्भर दयाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी साउथ सिटी पुष्पांजलि, थाना रिफाइनरी का निवासी है। वह मूल रूप से पत्थर वाली गली, रामलीला मैदान, थाना राया क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। आरोपी को पुलिस ने 17 अगस्त को बरेली हाईवे स्थित बाद पुल अंडरपास के नीचे से गिरफ्तार किया।
पीड़िता की मां के अनुसार शनिवार दोपहर करीब तीन बजे उन्होंने अपनी 13 वर्षीय बेटी को दुकान से ब्रेड का पैकेट लेने के लिए भेजा था। आरोप है कि कॉलोनी के पार्क में हनुमान मंदिर के पीछे छिपकर बैठे वृद्ध ने किशोरी को आवाज देकर अपने पास बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद किशोरी घर पहुंची और अपनी मां को पूरी घटना बताई।
बेटी की बात सुनकर परिजन पार्क पहुंचे और वहां मौजूद आरोपी को पकड़ लिया। इसी दौरान आरोपी के पुत्र योगेश के मौके पर पहुंचने की बात सामने आई। आरोप है कि योगेश अपने पिता को बाइक पर बैठाकर वहां से ले गया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार मामले में रिफाइनरी थाने में मुकदमा अपराध संख्या 241/2026 दर्ज किया गया है। इसमें धारा 64(1) बीएनएस और 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी को बाद पुल अंडरपास के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
रिफाइनरी थाना प्रभारी अजय कौशल ने बताया कि किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मामले में आरोपी विशम्भर दयाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2022 में थाना राया में उसके खिलाफ मारपीट, महिला से अभद्रता, तोड़फोड़ और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई है।













