शाहजहांपुर को मिलेगी नई पहचान: वर्षों से उठाई जा रही मांग पर शुरू हुआ खन्नौत नदी घाट सौंदर्यीकरण कार्य, रिपोर्ट राहुल गुप्ता

शाहजहांपुर को मिलेगी नई पहचान: वर्षों से उठाई जा रही मांग पर शुरू हुआ खन्नौत नदी घाट सौंदर्यीकरण कार्य

शाहजहांपुर। शहर के वरिष्ठ समाजसेवी नबी सलमान द्वारा वर्षों से लगातार उठाई जा रही खन्नौत नदी घाट के सौंदर्यीकरण की मांग अब धरातल पर उतरती दिखाई दे रही है। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की उपस्थिति में लोधीपुर स्थित खन्नौत नदी घाट सौंदर्यीकरण परियोजना का कार्य शुरू हो गया है। इस पहल से शहरवासियों में खुशी का माहौल है।

नबी सलमान लंबे समय से जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रशासन और सरकार का ध्यान आकर्षित करते रहे हैं। चाहे खन्नौत नदी घाट के सौंदर्यीकरण की मांग हो, श्मशान घाट के विकास का विषय हो या फिर गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग, उन्होंने लगातार ज्ञापन, धरना-प्रदर्शन और शांतिपूर्ण आंदोलन के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद की है।

जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि खन्नौत नदी के सौंदर्यीकरण की मांग को लेकर वह कई बार नदी में खड़े होकर सांकेतिक प्रदर्शन कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में पहुंचकर भी इस संबंध में ज्ञापन सौंपा था, ताकि शाहजहांपुर की इस महत्वपूर्ण मांग पर सरकार का ध्यान आकर्षित हो सके।

अब मंत्री सुरेश कुमार खन्ना द्वारा इस परियोजना को संज्ञान में लेकर कार्य शुरू कराए जाने से शहरवासियों को उम्मीद है कि खन्नौत नदी घाट आधुनिक सुविधाओं से युक्त आकर्षक स्थल के रूप में विकसित होगा। मंत्री ने कहा कि इस परियोजना से शाहजहांपुर को नई पहचान मिलेगी और नागरिकों को एक बेहतर सार्वजनिक स्थान उपलब्ध होगा।

शहर के लोग मानते हैं कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर लगातार संघर्ष और आवाज उठाने वाले समाजसेवियों के प्रयास भी ऐसे विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Comment