एटा में जनगणना-2027 की स्व-गणना प्रक्रिया शुरू*   _जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने स्वयं कराई स्व-गणना, नागरिकों से सहभागिता की अपील_ रिपोर्ट अनिल सोलंकी

*एटा में जनगणना-2027 की स्व-गणना प्रक्रिया शुरू*

 

_जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने स्वयं कराई स्व-गणना, नागरिकों से सहभागिता की अपील_

*तुर्रम सिंह राजपूत✍️*

 

एटा, 07 मई 2026। भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत जनपद एटा में बुधवार से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया का शुभारंभ हो गया। यह प्रक्रिया 7 मई से 21 मई 2026 तक संचालित की जाएगी। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अरविन्द सिंह ने स्वयं अपनी स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण कर नागरिकों को इस डिजिटल सुविधा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने बताया कि भारत सरकार द्वारा शुरू की गई ऑनलाइन स्व-गणना व्यवस्था नागरिकों के लिए सरल, सुरक्षित और समय बचाने वाली प्रक्रिया है। इसके माध्यम से लोग घर बैठे अपने परिवार एवं आवास संबंधी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनगणना अधिकारी के घर पहुंचने पर नागरिकों को केवल प्राप्त Self Enumeration ID (SE ID) दिखानी होगी, जिससे दोबारा जानकारी देने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और प्रक्रिया अधिक सुगम व त्वरित हो सकेगी।

उन्होंने बताया कि निर्धारित पोर्टल पर मोबाइल नंबर के माध्यम से OTP सत्यापन के बाद पंजीकरण किया जा सकता है। पोर्टल पर हिंदी और अंग्रेजी सहित विभिन्न भाषाओं में फॉर्म भरने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। स्व-गणना के दौरान परिवार और आवास से जुड़े लगभग 33 बिंदुओं पर जानकारी दर्ज करनी होगी। सभी विवरण भरकर फॉर्म सबमिट करने के बाद नागरिकों को एक यूनिक SE ID प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक होगा।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठाएं और निर्धारित समयावधि के भीतर अपनी स्व-गणना अवश्य पूर्ण करें, ताकि जनगणना कार्य पारदर्शी, व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जा सके।

उन्होंने यह भी बताया कि जनपद में जनगणना-2027 के प्रति व्यापक जनजागरूकता के लिए प्रशासन द्वारा विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, जिससे अधिकाधिक नागरिक इस अभियान से जुड़कर अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकें।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) एवं जिला जनगणना अधिकारी लालता प्रसाद शाक्य, जनगणना प्रशिक्षक आदेश कुमार मौर्य तथा जनगणना लिपिक अभिषेक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment