संशोधित प्रेस विज्ञप्ति पण्डित गोविन्द बल्लभ पंत स्टेडियम में होगा मुख्य योग दिवस कार्यक्रम, रिपोर्ट सुलेखा राजेश चौधरी

*संशोधित प्रेस विज्ञप्ति पण्डित गोविन्द बल्लभ पंत स्टेडियम में होगा मुख्य योग दिवस कार्यक्रम*

Oplus_131072

 

*‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए करें योग’ थीम पर पूरे जनपद में होगा सामूहिक योगाभ्यास*

 

*जिलाधिकारी ने की आमजन से अपील, योग को बनाएं दैनिक जीवन का हिस्सा*

एटा, 20 जून 2026।

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद एटा में 21 जून को व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम स्थानीय पण्डित गोविन्द बल्लभ पंत स्टेडियम में प्रातः 6:00 बजे से आयोजित होगा। कार्यक्रम की समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दायित्व सौंप दिए गए हैं।

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए करें योग’ निर्धारित की गई है। इसी थीम के अनुरूप जनपद भर में सामूहिक योगाभ्यास एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, प्रबुद्धजन, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी, स्वयंसेवी संगठन तथा बड़ी संख्या में आमजन प्रतिभाग करेंगे।

जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ रहता है। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज सम्पूर्ण विश्व ने अपनाया है।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं समन्वय के साथ करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता हो तथा योग के प्रति जनजागरूकता का व्यापक वातावरण तैयार किया जाए।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक 21 जून को आयोजित योग कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करें तथा नियमित योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं निरोग जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।

जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम के अतिरिक्त तहसील, विकास खण्ड, नगर निकाय, ग्राम पंचायत, विद्यालय, महाविद्यालय में भी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं आमजन सहभागिता करेंगे।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के माध्यम से योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने तथा समाज में स्वास्थ्य एवं कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।जिला सूचना कार्यालय एटा 👆

Leave a Comment