लोक आयुक्त की जांच समिति ने नगर पंचायत चोपन में की जांच, अभिलेखों का किया अवलोकन

रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)

चोपन (सोनभद्र)। पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जैन द्वारा की गई शिकायत के क्रम में लोक आयुक्त के निर्देश पर गठित जांच समिति बुधवार को नगर पंचायत चोपन पहुंची। समिति ने नगर पंचायत कार्यालय में शिकायत से संबंधित बिंदुओं पर उपलब्ध अभिलेखों, विकास कार्यों से जुड़े दस्तावेजों एवं अन्य अभिलेखीय साक्ष्यों का बिंदुवार परीक्षण किया। जांच के दौरान नगर पंचायत प्रशासन की ओर से समिति को सभी आवश्यक अभिलेख एवं मांगी गई जानकारियां उपलब्ध कराई गईं। अधिशासी अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारियों ने शिकायत के प्रत्येक बिंदु पर क्रमवार अपना पक्ष रखते हुए समिति को विस्तृत जानकारी दी।
इसके उपरांत जांच समिति ने नगर के काली मंदिर परिसर स्थित सामुदायिक भवन का स्थलीय निरीक्षण भी किया। समिति ने भवन की स्थिति एवं संबंधित कार्यों का मौके पर अवलोकन किया तथा आवश्यक जानकारी प्राप्त की। नगर पंचायत प्रशासन ने जांच समिति को पूर्ण सहयोग प्रदान किया। जांच प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुई। समिति ने अभिलेखों की जांच एवं स्थलीय निरीक्षण के बाद अपनी जांच प्रक्रिया पूर्ण की।नगर पंचायत प्रशासन ने कहा कि वह शासन की पारदर्शिता एवं जवाबदेही की नीति के अनुरूप कार्य कर रहा है तथा किसी भी जांच में पूरा सहयोग देना उसकी प्राथमिकता है। प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रस्तुत अभिलेखों एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी तथा नगर पंचायत द्वारा कराए गए विकास कार्यों की पारदर्शिता सामने आएगी।

Shakeer Akhtar
Author: Shakeer Akhtar

Leave a Comment