करीब 16 लाख रुपये कीमत के मोबाइल पाकर खिले लोगों के चेहरे, रिपोर्ट सुलेखा राजेश चौधरी

*साइबर सेल और सर्विलांस सेल की बड़ी कामयाबी, 109 मोबाइल बरामद कर लौटाए*

 

*करीब 16 लाख रुपये कीमत के मोबाइल पाकर खिले लोगों के चेहरे*

*एटा।* जनपद एटा में सर्विलांस सेल, साइबर सेल और जनपदीय पुलिस टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर 109 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को सुपुर्द किए। बरामद किए गए मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई गई है। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों ने एटा पुलिस का आभार व्यक्त किया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन जी. के निर्देशन में गुम मोबाइलों की बरामदगी हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) श्वेताभ पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) योगेन्द्र सिंह के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सकीट/साइबर अपराध नीतीश गर्ग के नेतृत्व में सर्विलांस सेल एवं साइबर सेल ने जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की।पुलिस द्वारा CEIR पोर्टल पर मोबाइल गुम होने की दर्ज शिकायतों का संज्ञान लेते हुए विभिन्न कंपनियों के कुल 109 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इनमें प्रमुख रूप से सैमसंग के 20, रेडमी के 18, वीवो के 18, ओप्पो के 17, रियलमी के 12, वन प्लस के 7, पोको के 6, मोटोरोला के 4, टेक्नो के 3, आईटेल के 2, इनफिनिक्स और आईक्यूओओ के 1-1 मोबाइल शामिल हैं।एटा पुलिस ने बताया कि अब तक विभिन्न जनपदों एवं राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर कुल 655 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं। यह उपलब्धि एटा पुलिस की तकनीकी दक्षता, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाती है।

*CEIR पोर्टल से ऐसे करें शिकायत*

भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा नागरिकों की सुविधा के लिए CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल शुरू किया गया है, जिसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपने गुम या चोरी हुए मोबाइल को ब्लॉक अथवा अनब्लॉक कर सकता है।

*इसके लिए नागरिकों को* https://www.ceir.gov.in/General/index.jsp पोर्टल पर जाकर “Block Stolen/Lost Mobile” विकल्प चुनना होगा। इसके बाद मोबाइल का IMEI नंबर, सिम विवरण और शिकायत संख्या दर्ज करनी होगी। थाना स्तर से सत्यापन के बाद मोबाइल ट्रैकिंग की प्रक्रिया शुरू की जाती है। मोबाइल बरामद होने पर “Unblock Found Mobile” विकल्प के जरिए मोबाइल को दोबारा चालू कराया जा सकता है।

*एटा पुलिस की आमजन से अपील*

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत संबंधित सिम बंद कराकर दोबारा री-इश्यू कराएं, ताकि किसी प्रकार के साइबर अपराध या दुरुपयोग की संभावना समाप्त हो सके। साथ ही मोबाइल खरीदते समय उसका IMEI नंबर सुरक्षित नोट करके रखें और मोबाइल गुम होने पर तुरंत नजदीकी थाना या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें। बरामदगी करने वाली टीम में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक दीक्षित कुमार, उपनिरीक्षक सुशील लाम्बा एवं उनकी टीम सहित जनपद के समस्त थाना प्रभारी और साइबर सेल की टीम शामिल रही।

Leave a Comment