कचहरी में पार्किंग मौजूद, फिर भी सड़कों पर वाहन; ट्रैफिक पुलिस ने काटे मोटरसाइकिलों के चालान
एटा, जिला कचहरी परिसर में वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या आम हो गई है। परिसर के अंदर पार्किंग की व्यवस्था होने के बावजूद अधिकांश वाहन चालक सड़कों के किनारे व चौराहों पर वाहन खड़ा करना अधिक सुविधाजनक समझते हैं, जिससे रोजाना आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है। इसी क्रम में आज ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए कचहरी के आसपास खड़ी मोटरसाइकिलों के चालान काटे और अन्य वाहनों को हटाने के निर्देश दिए।
अंदर पार्किंग, बाहर जाम
कचहरी परिसर में वकीलों, मुकदमेवालों व अन्य आगंतुकों की भारी भीड़ रहती है। परिसर में दो पहिया व चार पहिया वाहनों के लिए पार्किंग स्थल उपलब्ध करा दिया गया है, लेकिन चालक सड़क किनारे ही वाहन खड़ा कर देते हैं। इससे न सिर्फ सड़कें संकरी हो जाती हैं, बल्कि आपातकालीन वाहनों व एम्बुलेंस के लिए भी रास्ता अवरुद्ध हो जाता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार कचहरी से गुजरने वाले रास्ते पर घंटों जाम लग जाता है, जिससे आमजन को परेशानी उठानी पड़ती है।









