*ई-रिक्शा पर विधायक जी की “जनता यात्रा”, फोटो खत्म होते ही AC गाड़ी में वापसी*
जलेसर। नगर में रविवार को उस समय लोगों की हंसी छूट गई जब क्षेत्रीय विधायक Sanjeev Diwakar अचानक ई-रिक्शा पर सवार होकर “जनता के बीच” निकल पड़े। उनके पीछे समर्थकों, फोटोग्राफरों और स्टाफ की पूरी फौज चल रही थी। माहौल ऐसा था मानो चुनावी फिल्म की शूटिंग हो रही हो।
ई-रिक्शा पर बैठते ही विधायक जी थोड़ा मुस्कुराए, हाथ हिलाया और कैमरों की तरफ देखकर जनता से जुड़ाव दिखाया। तभी आसपास खड़े लोगों में फुसफुसाहट शुरू हो गई—
“लगता है पेट्रोल से ज्यादा अब *वोट बचाना* जरूरी हो गया है”
मामला तब और मजेदार हो गया जब ई-रिक्शा चालक ने मासूमियत से पूछ लिया—
*“साहब, मीटर चालू कर दूँ?”*
इस पर आसपास खड़े लोग ठहाके लगाने लगे। किसी ने मजाक में कहा—
“मीटर की जरूरत नहीं भाई, ये सफर सिर्फ कैमरे तक सीमित है।”
उधर पालिका अध्यक्ष Gauri Devi Verma बाइक पर दिखाई दीं, जबकि विधायक जी ई-रिक्शा पर। यह नजारा देखकर लोगों ने इसे “बाइक-रिक्शा गठबंधन” का नाम दे दिया।
पर्यावरण बचाने और सादगी का संदेश देने के बाद जैसे ही फोटो *सेशन* समाप्त हुआ, विधायक जी सीधे अपनी AC गाड़ी में बैठ गए। यह देखते ही एक युवक बोल पड़ा—
“जनता के साथ सफर खत्म… अब असली यात्रा स्कॉर्पियो में शुरू”
घटना के बाद पूरे कस्बे में यही चर्चा रही कि जलेसर में अब राजनीति भी “प्रतीकात्मक” मोड में चल रही है।








