*संयुक्त कृषि निदेशक ने उर्वरक थोक विक्रेताओं के गोदामों का किया औचक निरीक्षण।* 
संयुक्त कृषि निदेशक, अलीगढ़ मंडल, अलीगढ़ श्री श्रवण कुमार ने जिले में विभिन्न थोक उर्वरक विक्रेताओं के गोदामों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह एवं संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान गोदामों में उर्वरकों का स्टॉक मिला जिसमें 535 मीट्रिक टन यूरिया, 2830 मीट्रिक टन डीएपी, 1750 मीट्रिक टन एनपीके तथा एसएसपी सहित अन्य उर्वरक शामिल रहे। वर्तमान खरीफ तथा आगामी रबी मौसम के लिए पर्याप्त स्टॉक देखकर अधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया।
संयुक्त कृषि निदेशक ने जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि उपलब्ध यूरिया का शीघ्र उठान कराकर उसे फुटकर विक्रेताओं के माध्यम से किसानों तक समय पर पहुंचाया जाए। साथ ही आगामी सितंबर माह से सरसों एवं अन्य रबी फसलों की बुवाई को देखते हुए डीएपी एवं अन्य फॉस्फेटिक उर्वरकों की मांग बढ़ने की संभावना को ध्यान में रखते हुए थोक विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि वे अपने पास उपलब्ध फॉस्फेटिक उर्वरक इसी माह फुटकर विक्रेताओं को उपलब्ध करें, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान सभी थोक विक्रेताओ को अभिलेख पूर्ण रखने तथा उर्वरक को किसानों तक समय से पहुंचाने की सख्त चेतावनी दी गई। सभी थोक एवं फुटकर विक्रेताओं को शासन के निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह ने बताया कि वर्तमान में जनपद में 19,324 मीट्रिक टन यूरिया, 10,140 मीट्रिक टन डीएपी एवं 4,161 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि जिले में लगातार उर्वरक रैक प्राप्त हो रही हैं, इसलिए किसी प्रकार की कमी नहीं है। किसानों से अपील की गई कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरक खरीदें तथा खतौनी एवं फार्मर आईडी में दर्ज भूमि के अनुसार ही उर्वरक प्राप्त करे, विभाग द्वारा उर्वरक की उपलब्धता और वितरण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि हर किसान तक समय पर और सुगमता से उर्वरक पहुंच सके।













