*सीएम डैशबोर्ड में जनपद की रैंक और बेहतर करने के निर्देश,कार्यदाई संस्थाओं द्वारा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर*
*एटा,17 अप्रैल 2026(सू0वि0)।* कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड एवं कार्यदायी संस्थाओं की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड से जुड़े सभी विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी के सम्मिलित प्रयासों से जनपद को विकास कार्यों की श्रेणी में अच्छी रैंकिंग प्राप्त हुई है, जिसे बनाए रखना और आगे बेहतर करना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ सीएम डैशबोर्ड के बिंदुओं की निरंतर समीक्षा एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें, ताकि जनपद की प्रगति की रफ्तार और तेज हो सके तथा किसी भी स्थिति में रैंकिंग प्रभावित न होने पाए।
बैठक में अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने मत्स्य विभाग के प्रभारी अधिकारी, मत्स्य निरीक्षक अनुज चौहान के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को दिए।
कार्यदायी संस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सीएनडीएस एवं आवास विकास द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु एक समिति गठित कर सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने उप कृषि निदेशक को निर्देशित करते हुए कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाते हुए विशेष अभियान के माध्यम से इसे निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, मुख्य चिकित्साधिकारी राजेन्द्र प्रसाद, उप जिलाधिकारी अनवर राशिद फारूकी, राजकुमार मौर्या, डीसी एनआरएलएम प्रतिमा निमेष, अधिशाषी अभियंता जल निगम शहरी मो0 तारिक, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी प्रदीप कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक इंद्रजीत, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिध आदि उपस्थित रहे।
*जिला सूचना कार्यालय एटा 👆*







