*जनपद कुशीनगर मे जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तवर के अथक प्रयासों से मुसहर समाज को मिलेंगे आवास
19 मुसहर परिवारों के लिए आवासीय परिसर का भूमि पूजन एवं शिलान्यास।
फाजिलनगर विकास खण्ड के ग्राम सभा बलियवां स्थित मुसहर बस्ती में 19 मुसहर परिवारों के लिए आवासीय परिसर के निर्माण कार्य का देवरिया सांसद श्री शशांक मणि त्रिपाठी, क्षेत्रीय विधायक श्री सुरेन्द्र कुमार कुशवाहा एवं ब्लॉक प्रमुख श्रीमती उर्मिला जायसवाल द्वारा भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर चयनित लाभार्थियों को संबंधित भूमि के आवासीय पट्टे के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मा0 सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुसहर परिवारों को आवास एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि आवासीय परिसर में केवल मकानों का निर्माण ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि यहां निवास करने वाले परिवारों को शिक्षा, खेल, बिजली, पानी सहित बेहतर जीवन के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी प्राथमिकता है।
क्षेत्रीय विधायक सुरेन्द्र सिंह कुशवाहा ने कहा कि वर्तमान सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। गांवों में गरीब एवं वंचित परिवारों को शहरी मॉडल के अनुरूप आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार का उद्देश्य गरीब परिवारों को सम्मानजनक एवं सुरक्षित जीवन उपलब्ध कराना है।
मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती बंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि यह योजना का प्रथम चरण है, जिसके तहत लगभग 82 डिसमिल भूमि पर आवासीय परिसर का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त अन्य पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार होने के उपरांत योजना के द्वितीय चरण में इसी स्थान से सटे क्षेत्र में अन्य पात्र परिवारों के लिए भी आवासीय परिसर का निर्माण कराया जाएगा।
जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों मे मुसहर समाज के लिए ब्लॉक मे भूमि का खोजबीन व भूमि के लिए पत्रावली शासन तक अप्रूवल कराने मे जिलाधिकारी तवर की अहम किरदार रही। सरकार के सभी जनप्रतिनिधियों की प्रभावी पैरवी नें इस बड़े प्रोजेक्ट को जमीन पर साकार करने मे सार्थक सहयोग किया है.
परियोजना निदेशक पीयूष सिंह, डीसी मनरेगा राकेश कुमार, एसडीएम कसया विवेक कुमार मिश्रा, सहित जनप्रतिनिधिगण, लाभार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।













