WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.48 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50 PM

राज्य सरकार की उचित दर विक्रेताओं के हित में ऐतिहासिक पहल, लाभांश ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल, रिपोर्ट हरी प्रकाश शर्मा

*राज्य सरकार की उचित दर विक्रेताओं के हित में ऐतिहासिक पहल, लाभांश ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल*

*अन्नपूर्णा भवन संचालक के सम्मानजनक नामकरण के साथ ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ*

*जनपद एटा के 797 अन्नपूर्णा भवन संचालक होंगे लाभान्वित, चारों विधानसभा क्षेत्रों एवं सभी तहसीलों में हुआ मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण*

एटा, 17 अगस्त 2026 (सू0वि0)। श्रावण मास के तृतीय सोमवार एवं पावन नाग पंचमी के शुभ अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए उनके लाभांश को ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल किए जाने तथा सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के अंतर्गत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली के शुभारंभ के अवसर पर आज कलेक्ट्रेट सभागार, एटा में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अरविन्द सिंह एवं मा0 अध्यक्ष नगर पालिका परिषद एटा सुधा गुप्ता द्वारा की गई।
लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का जनपद एटा में भी सजीव प्रसारण कराया गया। कलेक्ट्रेट सभागार के साथ-साथ जनपद की सभी तहसीलों एवं चारों विधानसभा क्षेत्रों—एटा सदर, मारहरा एवं अलीगंज-जलेसर क्षेत्र में संबंधित उप जिलाधिकारियों के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित कर उचित दर विक्रेताओं एवं संबंधित अधिकारियों को मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट दिखाया गया। इस दौरान शासन द्वारा उचित दर विक्रेताओं के हित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, सुदृढ़ एवं जवाबदेह बनाने के प्रयासों की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि उचित दर विक्रेता सरकार की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इनके माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचता है। लाभांश को ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल किए जाने से उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक रूप से मजबूती मिलेगी और वे अपने कार्यों का बेहतर ढंग से संचालन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि बढ़े हुए लाभांश में 75 प्रतिशत राज्य सरकार तथा 25 प्रतिशत केंद्र सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा उचित दर विक्रेताओं को सम्मानजनक पहचान प्रदान करते हुए अब उन्हें ‘अन्नपूर्णा भवन संचालक’ के नाम से संबोधित किए जाने की पहल की गई है। यह केवल नाम परिवर्तन नहीं, बल्कि खाद्य सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विक्रेताओं को सम्मान एवं नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि जनपद एटा के 797 अन्नपूर्णा भवन संचालक इस योजना से लाभान्वित होंगे।
उन्होंने कहा कि ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली लागू होने से राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को और बढ़ावा मिलेगा। लाभार्थियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर वितरण व्यवस्था में आने वाली समस्याओं की पहचान कर उनका प्रभावी समाधान किया जा सकेगा। इससे पात्र लाभार्थियों को समय से, निर्धारित मात्रा में और सुगमता के साथ खाद्यान्न उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि अन्नपूर्णा भवनों के माध्यम से संचालकों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ लाभार्थियों को भी सुव्यवस्थित वातावरण में खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने उचित दर विक्रेताओं से शासन की मंशा के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता एवं ईमानदारी के साथ खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने, ई-पॉस मशीन का नियमित एवं सही ढंग से उपयोग करने तथा लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा एवं मानकों के अनुसार खाद्यान्न उपलब्ध कराने का आह्वान किया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली की नियमित निगरानी करते हुए प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्नपूर्णा भवन संचालकों को ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली की कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि नई व्यवस्था का उद्देश्य लाभार्थियों की संतुष्टि, खाद्यान्न वितरण की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही को और बेहतर बनाना है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीक के अधिकतम उपयोग पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मा0 जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी अरविन्द सिंह द्वारा नए राशन कार्ड धारकों को नए राशन कार्ड के प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। इस दौरान लाभार्थियों एवं अन्नपूर्णा भवन संचालकों ने शासन की इस पहल का स्वागत करते हुए मा0 मुख्यमंत्री जी एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लाभांश में वृद्धि से उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी तथा फीडबैक प्रणाली लागू होने से राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता और आमजन का विश्वास और मजबूत होगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगमलाल, मा0 अध्यक्ष नगर पालिका परिषद एटा सुधा गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख शीतलपुर पुष्पेंद्र लोधी, जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश कुमार गुप्ता, पूर्ति विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, अन्नपूर्णा भवन संचालक एवं लाभार्थी उपस्थित रहे। जिला सूचना कार्यालय एटा 👆

Leave a Comment