उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले की पुलिस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सरवर हुसैन के भाई अनवर हुसैन को उनके आवास से गिरफ्तार किया है।
अनवर हुसैन एक बड़े मीट कारोबारी हैं। अलीगढ़ जिले के थाना चण्डौस पुलिस ने खुर्जा बुलंदशहर की मीट फैक्ट्री अल-हम्द के मालिक अनवर हुसैन और उनके एक नौकर को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि 15 जनवरी 2026 में चेकिंग के दौरान फैक्ट्री के एक लोडर वाहन में प्रतिबंधित गोमांस मिला था। थाना चण्डौस पुलिस ने पकड़े गए मीट फैक्ट्री कारोबारियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ जिले के गभाना टोल प्लाजा के पास गोरक्षा दल के सदस्यों ने 15 जनवरी 2026 को देर रात एक लोडर वाहन से मीट से भरे पैकेट पकड़े थे। इनका वजन करीब सात सौ किलो से अधिक था। गोमांस की आशंका पर मीट को जांच के लिए मथुरा प्रयोगशाला भेजा गया था। मथुरा प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट में मांस प्रतिबंधित पशु का पाया गया था। पुलिस ने इस मामले में पशु क्रूरता अधिनियम, बीएनएस की धारा 325 और गोवध अधिनियम तहत मुकदमा दर्ज किया था। जिसके बाद अलीगढ़ जिले के चंडौस थाना पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए खुर्जा बुलंदशहर जिले के रहने वाले मीट कारोबारी व पूर्व केंद्रीय मंत्री सरवर हुसैन के भाई अनवर हुसैन पुत्र मकसूद हुसैन को शुक्रवार को उनके आवास से गिरफ्तार किया है।
अलीगढ़ पुलिस के अनुसार, जांच में खुर्जा निवासी अनवर हुसैन और उनके नौकर इस्लाम खान का नाम सामने आया था। पुलिस ने इस्लाम को बृहस्पतिवार की शाम को दौरई मोड़ से गिरफ्तार कर लिया, जबकि शुक्रवार सुबह थाना चंडौस पुलिस ने बुलंदशहर जिले के खुर्जा के ख्वैशियान, पठानवाड़ा निवासी अनवर हुसैन पुत्र मकसूद हुसैन को उनके घर से गिरफ्तार कर थाने लेकर आई। दोनों आरोपियों को चिकित्सकीय परीक्षण के बाद जिला न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।









