नकली जेवर ने बढ़ाया विवाद बिन दुल्हन लौटी बारात #अम्बेडकरनगर जिले के कटका थाना क्षेत्र में एक शादी उस वक्त हंगामे में बदल गई, जब दूल्हा पक्ष द्वारा चढ़ाए गए जेवरों को नकली बताए जाने पर दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। आरोप है कि शादी में चढ़ाए गए जेवर सोने के बजाय मिलावटी निकले। इतना ही नहीं, दूल्हे की जाति छिपाकर रिश्ता तय करने का आरोप भी लगा, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर विवाद हुआ। मामला इतना बढ़ गया कि बारातियों को रोक लिया गया और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। घंटों चली पंचायत के बाद भी शादी नहीं हो सकी और दूल्हे को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।
कटका थाना क्षेत्र के खानपुर हुसैनाबाद लखनिया निवासी गिरीशचंद्र की पुत्री संगीता की शादी बाराबंकी जिले के हरख निवासी सूरज निषाद से तय हुई थी। मंगलवार रात बारात पूरे धूमधाम के साथ गांव पहुंची। द्वारचार और अन्य रस्मों के बाद शादी का कार्यक्रम चल रहा था। मेहमान भोजन कर रहे थे और मंडप में वैवाहिक रस्में निभाई जा रही थीं।
इसी दौरान ‘डाल’ की रस्म में दूल्हा पक्ष द्वारा चढ़ाए गए जेवरों को लेकर महिलाओं को शक हुआ। जब जेवरों की जांच की गई तो वे सोने के बजाय मिलावटी और संदिग्ध पाए गए। देखते ही देखते यह बात पूरे पंडाल में फैल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि इसी अफरातफरी के बीच दूल्हे का पिता जेवर लेकर मौके से फरार हो गया।
वीओ-3
मामला यहीं नहीं थमा। दुल्हन पक्ष ने आरोप लगाया कि दूल्हे की जाति छिपाकर रिश्ता तय किया गया था और दूल्हा दूसरी जाति का है। इसके बाद विवाद और बढ़ गया। नाराज घरातियों ने बारातियों को रोक लिया और शादी में हुए खर्च की भरपाई की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही कटका पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया
दोनों पक्षों को थाने लाकर देर शाम तक पंचायत और बातचीत कराई गई, लेकिन कोई समझौता नहीं हो सका। थाना अध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों पक्षों को समझौते के लिए समय दिया गया है। शिकायत के आधार पर दूल्हा पक्ष के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है। घटना के बाद यह शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।






