*जिलाधिकारी की पहल से एटा में उद्योग स्थापना को मिल रहा बढ़ावा, शिक्षित युवा बन रहे रोजगार सृजन के वाहक*
एटा 9 जून 2026(सू0वि0)जनपद में उद्योग स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किए जाने के फलस्वरूप अब शिक्षित एवं तकनीकी रूप से दक्ष युवा एटा को अपने उद्यम का केंद्र बनाकर रोजगार सृजन की दिशा में आगे आ रहे हैं। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के मार्गदर्शन एवं प्रशासनिक सहयोग से युवाओं को विभिन्न विभागों से आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करने में सुविधा मिल रही है, जिससे नए उद्योगों की स्थापना को गति मिल रही है।
इसी क्रम में वर्मा नगर निवासी राहुल यादव, जिन्होंने डेयरी मैनेजमेंट में बीटेक की शिक्षा प्राप्त की है, द्वारा कस्बा पिलुआ में प्रोटीन उत्पादन इकाई स्थापित किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। राहुल यादव ने विभिन्न राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय डेयरी ब्रांडों में कार्य करने के उपरांत अपने अनुभव एवं तकनीकी ज्ञान का उपयोग करते हुए दूध से पनीर निर्माण के बाद शेष बचे तरल पदार्थ से प्रोटीन उत्पादन की अभिनव तकनीक पर आधारित लगभग 27 करोड़ रुपये लागत की परियोजना तैयार की,
उद्योग स्थापना हेतु आवश्यक अनुमतियों की प्रक्रिया के अंतर्गत जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने आज अपने कार्यालय कक्ष में उन्हें भू गर्भ जल विभाग की वाटर एक्सट्रैक्शन की अनुमति प्रदान की। परियोजना के लिए प्रदूषण, अग्निशमन सहित अन्य संबंधित विभागों से भी आवश्यक अनापत्तियां प्राप्त की जा चुकी हैं तथा निर्माण कार्य प्रगति पर है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षित युवा देश एवं समाज की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर नवाचार आधारित उद्योग स्थापित करने वाले युवाओं को प्रशासन द्वारा हरसंभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है। जनपद में ऐसे उद्यम न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करेंगे, बल्कि औद्योगिक विकास को भी नई गति देंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जनपद में एमएसएमई एवं नवाचार आधारित उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहित किया जा रहा है। जो युवा अपने ज्ञान, तकनीक एवं अनुभव के आधार पर नए उद्योग स्थापित करना चाहते हैं, उन्हें प्रशासन की ओर से आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि रोजगार मांगने के साथ-साथ रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी आगे बढ़ें तथा अपने जनपद के आर्थिक विकास में भागीदार बनें।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र, सहायक अभियंता लघु सिंचाई रमेश चंद्र सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।जिला सूचना कार्यालय एटा द्वारा जारी👆









