*कांवड़ यात्रा के चलते अगस्त माह में सोमवार के स्थान पर मंगलवार को आयोजित होंगे दिव्यांग शिविर*
एटा ! कांवड़ यात्रा के दौरान शहर एटा में वाहनों के रूट डायवर्जन के कारण दिव्यांगजनों को आवागमन में होने वाली कठिनाइयों को दृष्टिगत रखते हुए माह अगस्त 2026 में आयोजित होने वाले दिव्यांग शिविरों के दिवस में परिवर्तन किया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि दिव्यांगजनों की सुविधा एवं अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों के दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनाए जाने के उद्देश्य से अगस्त माह में सोमवार को आयोजित होने वाला दिव्यांग शिविर अब मंगलवार दिवस को आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था के कारण दिव्यांगजनों को होने वाली असुविधा को कम करना तथा उन्हें सुगम एवं सुविधाजनक रूप से दिव्यांग शिविर की सेवाएं उपलब्ध कराना है। संबंधित दिव्यांगजन मंगलवार को शिविर में पहुंचकर आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण एवं दिव्यांग प्रमाण-पत्र संबंधी प्रक्रिया का लाभ उठा सकते हैं।








