बालू लदा ट्रक पलटने से चालक की दर्दनाक मौत

बालू लदा ट्रक पलटने से चालक की दर्दनाक मौत।

 

रिपोर्ट सत्यदेव पांडे बीएमएफ ब्यूरो चीफ सोनभद्र

 

चोपन/सोनभद्र जुगैल थाना

क्षेत्र अंतर्गत खेवधा मोड़ के पास वुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसा रात करीब 11 बजे के आसपास उस समय हुआ जब बालू लादकर आ रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक चालक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह (उम्र लगभग 33 वर्ष), निवासी कोरांव, जनपद प्रयागराज, वाहन चला रहा था। खेवधा मोड़ के पास चढ़ाई पर ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पीछे की ओर बैक होने लगा। स्थिति बिगड़ती देख चालक ने अपनी जान बचाने के लिए ट्रक से कूदने की कोशिश की, लेकिन दुर्भाग्यवश वह ट्रक के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हादसे की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल जुगैल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मौके पर मौजूद ट्रक मालिक विजय कुमार केशरवानी (35 वर्ष), पुत्र राजमन केशरवानी ने बताया कि चढ़ाई पर वाहन बैक होने के कारण नियंत्रण बिगड़ गया और ट्रक खाई में पलट गया, जिससे चालक उसकी चपेट में आ गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। खेवधा मोड़ पर हुआ यह हादसा एक बार फिर क्षेत्र की खतरनाक सड़कों और ढलानों की ओर इशारा करता है, जहां जरा सी चूक जानलेवा साबित हो सकती है।

Leave a Comment