एटा ब्रेकिंग: मेडिकल कॉलेज की शिकायतों पर डीएम सख्त, जांच का दायरा बढ़ा
जिला समाचार किरण। एटा। प्रेम रंजन सिंह ने वीरांगना अवंतीबाई लोधी ऑटोनोमस स्टेट मेडिकल कॉलेज में सामने आई गंभीर शिकायतों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। पहले से चल रही जांच के दायरे को बढ़ाते हुए जिलाधिकारी ने दो नए मामलों को भी इसमें शामिल करने के निर्देश दिए हैं। मेडिकल कॉलेज में उपचार में लापरवाही, मरीजों से धन उगाही, डॉक्टरों की अनुपस्थिति तथा ऑक्सीजन की समस्या जैसे गंभीर आरोपों की जांच पहले से जारी है। अब हड्डी रोग विभाग से जुड़े एक मामले में डॉ. मुकेश परमार पर तीमारदार के साथ अभद्रता और मारपीट के आरोप, साथ ही हेड कांस्टेबल रविंद्र कुमार की संदिग्ध मौत में ऑक्सीजन न मिलने के आरोपों को भी जांच में शामिल कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गठित तीन सदस्यीय जांच समिति सभी मामलों की गहनता से जांच कर जल्द संयुक्त आख्या प्रस्तुत करे। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने दो टूक शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन को बेहतर और सुरक्षित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसमें किसी भी तरह की अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और किन लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।






