जिलाधिकारी ने आवासीय वृद्ध आश्रम का किया आकस्मिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के दिए निर्देश, रिपोर्ट अरविन्द चौहान

*जिलाधिकारी ने आवासीय वृद्ध आश्रम का किया आकस्मिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के दिए निर्देश*

एटा, 11 मई। जिलाधिकारी अरविंद सिंह द्वारा समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत कासगंज रोड पर संचालित आवासीय वृद्ध आश्रम का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वृद्ध आश्रम की व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन करते हुए रसोईघर, स्नानागार, शौचालय एवं परिसर की साफ-सफाई एवं अन्य उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने वृद्धजनों को उपलब्ध कराए जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करते हुए निर्देश दिए कि आश्रम में केवल गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का ही प्रयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों के स्वास्थ्य एवं सुविधा से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा उनकी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर समय से पूरा किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पालिका के माध्यम से तत्काल फॉगिंग कराए जाने के निर्देश दिए, जिससे मौसम जनित रोगों से बचाव सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने वृद्ध आश्रम में लगे कूलरों की बदहाल स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रबंधक को तत्काल उनकी मरम्मत एवं पेयजल हेतु लगाए गए वाटर कूलर को सुचारू रूप से संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने परिसर के अंदर अस्थायी रूप से बनाए गए सीमेंटेड पॉन्ड को बंद कराए जाने तथा नालियों के ऊपर पटिया रखवाकर उन्हें सुरक्षित ढंग से ढंकने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आश्रम परिसर में साफ-सफाई एवं पेयजल की व्यवस्था नियमित एवं प्रभावी रूप से संचालित की जाए तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

निरीक्षण के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि नगला भिखारी निवासी हरनाम सिंह द्वारा अपने पुत्र के जन्मदिन के अवसर पर वृद्ध आश्रम में वृद्धजनों हेतु दोपहर भोज की व्यवस्था कराई गई। इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वृद्धजनों का आशीर्वाद सदैव सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों की सेवा एवं उनकी संतुष्टि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा इस प्रकार के सामाजिक प्रयास प्रेरणादायी हैं।जिला सूचना कार्यालय एटा 👆

Leave a Comment