जनपद में उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर प्रशासन सख्त, PCF गोदाम का आकस्मिक निरीक्षण, रिपोर्ट सचिन गुप्ता

*जनपद में उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर प्रशासन सख्त, PCF गोदाम का आकस्मिक निरीक्षण*

एटा 11 मई 26 जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के निर्देशानुसार जनपद में उर्वरकों की उपलब्धता, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की सतत समीक्षा के क्रम में आज जिला कृषि अधिकारी एवं ए.आर. कोऑपरेटिव द्वारा PCF गोदाम का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपलब्ध उर्वरक स्टॉक का भौतिक सत्यापन करते हुए संबंधित अभिलेखों का गहन परीक्षण किया गया।

निरीक्षण के समय अभिलेखों के संधारण एवं स्टॉक विवरण के अद्यतनकरण में शिथिलता पाए जाने पर जिला प्रबंधक PCF को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देशित किया गया कि समस्त अभिलेख व्यवस्थित एवं अद्यतन रखे जाएं। साथ ही उर्वरकों का समय से समितियों को वितरण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार का डायवर्सन किसी दशा में स्वीकार्य नहीं होगा।

अधिकारियों द्वारा निर्देश दिए गए कि उर्वरक की मांग प्राप्त होने पर गोदाम में आने वाली गाड़ियों की नियमित निगरानी कराते हुए आवक-जावक का विवरण तत्काल अभिलेखों में दर्ज किया जाए, जिससे स्टॉक प्रबंधन में पूर्ण पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनी रहे।

इसी क्रम में जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में जनपद में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने के संबंध में इफको एवं कृभको के प्रतिनिधियों, जिला सहकारी बैंक के सचिव एवं महाप्रबंधक के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्तमान उपलब्धता, मांग के सापेक्ष आपूर्ति की स्थिति तथा आगामी वितरण योजना पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कृषकों की आवश्यकतानुसार उर्वरकों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा वितरण प्रणाली की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए। जिला कृषि अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उर्वरक भंडारण, अभिलेखीकरण एवं वितरण व्यवस्था शासन की मंशा के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता, समयबद्धता एवं उत्तरदायित्व के साथ संचालित की जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर उर्वरक वितरण, स्टॉक संधारण, अभिलेख रखरखाव अथवा निगरानी व्यवस्था में लापरवाही अथवा अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारी, कार्मिक अथवा संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उर्वरक प्रबंधन संबंधी जारी निर्देशों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।जिला सूचना कार्यालय एटा 👆

Leave a Comment