*भीषण गर्मी एवं लू से बचाव को लेकर जिला प्रशासन सतर्क, आमजन के लिए एडवाइजरी जारी*
एटा 18 मई।जनपद में लगातार बढ़ते तापमान एवं भीषण गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी अरविंद सिंह के निर्देशन में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा लू (हीट वेव) से बचाव हेतु जनसामान्य के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की गई है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान विशेष सावधानी बरतते हुए स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित रखें।
जिलाधिकारी ने कहा कि गर्मी के मौसम में थोड़ी सी लापरवाही गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती है। विशेष रूप से बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं एवं बीमार व्यक्तियों का अतिरिक्त ध्यान रखा जाए। दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें तथा धूप में निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी अथवा छाते से अवश्य ढकें।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी एडवाइजरी में पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, ओआरएस एवं तरल पदार्थों का सेवन करने, हल्के एवं सूती वस्त्र पहनने तथा खुले स्थानों पर अधिक समय तक कार्य न करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने नागरिकों से बासी भोजन के सेवन से बचने तथा बच्चों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ने की अपील भी की है।
प्रशासन द्वारा आमजन से यह भी कहा गया है कि यदि किसी व्यक्ति में चक्कर आना, अत्यधिक पसीना, तेज बुखार, उल्टी अथवा बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने, स्वास्थ्य सेवाओं को सक्रिय रखने एवं जनजागरूकता अभियान प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने जनसामान्य से अपील की है कि जारी एडवाइजरी का पालन करते हुए इस प्रतिकूल मौसम में स्वयं की सुरक्षा के प्रति सजग एवं सतर्क रहें।जिला सूचना कार्यालय एटा 👆








