आरक्षी भर्ती परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु प्रमुख चौराहा,बस स्टैंड,सार्वजनिक स्थलों नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की तैनाती, रिपोर्ट अनिल सोलंकी

*आरक्षी भर्ती परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु प्रमुख चौराहा,बस स्टैंड,सार्वजनिक स्थलों नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की तैनाती*

Oplus_131072

एटा, 07 जून। जनपद में 08, 09 एवं 10 जून 2026 को आयोजित होने वाली आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा उन्हें परीक्षा केन्द्रों तक पहुंचने एवं आवश्यक जानकारी प्राप्त करने में सहयोग मिल सके, इसके लिए नगर के प्रमुख चौराहों एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) के स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है।

जिलाधिकारी अरविन्द सिंह एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संगम लाल के निर्देशन में की गई इस व्यवस्था के अंतर्गत स्वयंसेवकों को बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, जलेसर रोड तिराहा, अलीगंज तिराहा सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर तैनात किया गया है। ये स्वयंसेवक परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्रों की जानकारी देने, मार्गदर्शन करने तथा आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का कार्य करेंगे।

उप जिलाधिकारी/उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा अनवर राशिद फारुखी द्वारा जारी आदेश के अनुसार स्वयंसेवकों की ड्यूटी प्रातः एवं द्वितीय पाली की परीक्षा अवधि के दौरान निर्धारित की गई है। सभी स्वयंसेवकों को समय से ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहने तथा अभ्यर्थियों के प्रति सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे परीक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी के लिए तैनात स्वयंसेवकों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, सुरक्षा एवं सुगमता के साथ सम्पन्न कराना है, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।जिला सूचना कार्यालय एटा 👆

Leave a Comment