सीओ सकीट ने थाना मलावन व सकीट क्षेत्रांतर्गत कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का लिया जायज
एटा! आज गुरुवार को क्षेत्राधिकारी सकीट नीतीश गर्ग द्वारा वर्तमान में संचालित कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत थाना मलावन व थाना सकीट क्षेत्रांतर्गत कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण एवं भ्रमण किया गया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी सकीट द्वारा कांवड़ियों की सुरक्षा एवं यात्रा के शांतिपूर्ण संचालन के उद्देश्य से यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन, संवेदनशील स्थलों पर पुलिस तैनाती, बैरिकेडिंग, चेतावनी एवं सांकेतिक सूचना बोर्डों सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त पुलिस सहायता केंद्रों, मेडिकल बूथों तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाए गए शिविरों एवं भंडारों का भी जायजा लेते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने, यातायात को सुचारु रूप से संचालित करने, किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए।
जनपदीय पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।









