*रक्षाबंधन से पहले उजड़ गया पांच बहनों का संसार, इकलौते भाई की सड़क हादसे में मौत*
एटा। कुछ ही दिनों बाद रक्षाबंधन का त्योहार आने वाला है। जिस घर में बहनें अपने इकलौते भाई की कलाई पर राखी बांधने की तैयारी कर रही थीं, वहां अब मातम पसरा है। सड़क हादसे ने पांच बहनों से उनका इकलौता भाई हमेशा के लिए छीन लिया।
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के कासगंज रोड स्थित लिप्टन चौकी (हिंदुस्तान लीवर) के पास सोमवार शाम हुए सड़क हादसे में बहादुरपुर (थाना मिरहची) निवासी 24 वर्षीय सचिन पुत्र वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि सचिन बाइक से गांव से एटा जा रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
गंभीर हालत में सचिन को उपचार के लिए आगरा रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सचिन पांच बहनों का इकलौता भाई था। रक्षाबंधन से पहले भाई की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिन बहनों ने भाई की कलाई पर राखी बांधने के सपने संजोए थे, उनकी आंखों से अब आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। पूरे गांव में शोक की लहर है।
मंगलवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।









