*आगरा में जागरूकता कार्यक्रम और एचआईवी टेस्टिंग कैंप का आयोजन: यौन स्वास्थ्य के प्रति सतर्कता पर दिया गया जोर*
आगरा। फैमिली प्लानिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FPAI), आगरा शाखा द्वारा ‘फाइट बैक फंड’ प्रोजेक्ट के सहयोग से आज तुलसी नगर, गोबर चौकी, ताजगंज क्षेत्र में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम और एचआईवी (HIV) टेस्टिंग कैंप का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य की-पोपुलेशन (Key Population) के बीच यौन स्वास्थ्य, सुरक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था की चिकित्सक डॉ. ममता गुप्ता ने उपस्थित लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि यौन रोगों या एचआईवी जैसी समस्याओं से घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्वास्थ्य समस्याओं को छुपाना घातक हो सकता है, इसलिए समय पर जांच और सही उपचार ही बचाव का एकमात्र रास्ता है। डॉ. गुप्ता ने इस दौरान यौन रोगों से संबंधित विशेष दवाओं और एहतियाती उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की। जागरूकता सत्र के दौरान प्रतिभागियों के साथ यौनिकता (Sexuality), यौन अधिकार (Sexual Rights) और लिंगभेद (Gender Discrimination) जैसे संवेदनशील विषयों पर खुलकर चर्चा की गई। कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया और समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया गया। कैंप में कुल 53 लाभार्थियों को स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को सफल बनाने में सोनवीर कटारा, रमाशंकर, अनीता और कल्पना शर्मा का विशेष और सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का कुशल संचालन फील्ड सुपरवाइजर दीन बंधु शर्मा द्वारा किया गया।









