*20 जुलाई तक करें हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन, एटा में निःशुल्क हज ई-सुविधा केंद्र स्थापित*
*एटा,
* जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रंजना शुक्ला ने बताया कि निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इच्छुक आवेदक 20 जुलाई 2026 (रात्रि 11:59 बजे) तक हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट एवं हज सुविधा ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जनपद एटा में हज यात्रियों की सुविधा के लिए तहसील सदर एटा एवं तहसील जलेसर में निःशुल्क हज ई-सुविधा केंद्र स्थापित किए गए हैं। सदर एटा में मदरसा बरकातिया इस्लामिया अरबिक स्कूल, किदवई नगर में मो. इरफान रज़ा (मो. 9627703047) तथा जलेसर में मदरसा सैयद रहमत दारूल उलूम, मकसूदपुर में मो. जवीर अहमद (मो. 8057607931) को नोडल नामित किया गया है। यहां हज आवेदन से संबंधित निःशुल्क सहायता उपलब्ध रहेगी।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि आवेदन के लिए मशीन-पठित (Machine Readable) पासपोर्ट अनिवार्य है, जिसकी वैधता 31 दिसंबर 2027 तक होनी चाहिए। आवेदन करते समय पासपोर्ट आकार का फोटो, पासपोर्ट के प्रथम एवं अंतिम पृष्ठ की प्रति, निवास प्रमाण पत्र, बैंक खाते का विवरण तथा कैंसिल चेक अथवा बैंक पासबुक की प्रति अपलोड करना आवश्यक होगा।
उन्होंने बताया कि हज-2027 के लिए 40 दिवस एवं 20 दिवस की दो श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। 20 दिवस श्रेणी के यात्रियों के लिए केवल सात प्रस्थान केंद्र—अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, कोच्चिन, दिल्ली, हैदराबाद एवं मुंबई—निर्धारित किए गए हैं। अधिकतम पांच व्यक्ति एक साथ आवेदन कर सकते हैं, लेकिन सभी को एक ही श्रेणी में आवेदन करना होगा तथा प्रत्येक आवेदक का स्वयं का मोबाइल नंबर दर्ज करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि 65 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाएं “लेडीज़ विदाउट मेहरम” श्रेणी में आवेदन कर सकती हैं। वहीं 66 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के सामान्य आवेदकों के साथ 40 से 64 वर्ष आयु का एक कंपेनियन होना आवश्यक होगा।
रंजना शुक्ला ने बताया कि हज-2027 से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश एवं हज नीति हज कमेटी ऑफ इंडिया तथा उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। आवेदन पत्र भरने से पूर्व सभी अभ्यर्थी दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर लें। ऑनलाइन आवेदन पूर्ण होने के बाद आवेदन पत्र का प्रिंटआउट डाउनलोड कर उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति को उपलब्ध कराना भी आवश्यक होगा।
उन्होंने जनपद के सभी इच्छुक हज यात्रियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करते हुए समय रहते अपना ऑनलाइन आवेदन पूर्ण कर लें तथा आवश्यक होने पर जनपद में स्थापित निःशुल्क हज ई-सुविधा केंद्रों का लाभ उठाएं।









