श्री रामदत्त सुखदेवी इंटर कॉलेज में वार्षिक महोत्सव एवं मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह संपन्न

*श्री रामदत्त सुखदेवी इंटर कॉलेज में वार्षिक महोत्सव एवं मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह संपन्न!*

#दरियावगंज: श्री रामदत्त सुखदेवी इंटर कॉलेज, मझोला दरियावगंज, जनपद कासगंज में वार्षिक महोत्सव एवं मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी एडवोकेट अब्दुल हफीज गांधी रहे जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रधान देवेंद्र सिंह एवं डॉ. देवेंद्र कुमार शाक्य उपस्थित रहे।

समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। हाईस्कूल (कक्षा 10) में वंदना सक्सेना ने प्रथम स्थान, आरजू मंसूरी ने द्वितीय स्थान तथा प्रिया माथुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं इंटरमीडिएट (कक्षा 12) में पिंकी राठौर ने प्रथम स्थान, संगीता प्रजापति ने द्वितीय स्थान तथा अंशु चौहान ने तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया।

मुख्य अतिथि अब्दुल हफीज गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही समाज और देश की सबसे बड़ी ताकत है तथा जिन समाजों ने शिक्षा को अपनाया, उन्होंने हर क्षेत्र में प्रगति की है। उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है और ऐसे कार्यक्रम शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत और निरंतर अध्ययन के माध्यम से अपने लक्ष्य प्राप्त करने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि प्रधान देवेंद्र सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार के शैक्षिक कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं तथा शिक्षा केवल नौकरी का माध्यम नहीं बल्कि बेहतर समाज निर्माण की नींव है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

डॉ. देवेंद्र कुमार शाक्य ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में शिक्षा का महत्व और भी बढ़ गया है तथा विद्यार्थी यदि लगन और मेहनत से पढ़ाई करें तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर अध्ययन पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।

विद्यालय के प्रबंधक सत्यवीर सिंह यादव ने कहा कि विद्यालय हर वर्ष मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से यह पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित करता है ताकि बच्चों में आगे बढ़ने की प्रेरणा बनी रहे। उन्होंने कहा कि विद्यालय का परीक्षा परिणाम हर वर्ष उत्कृष्ट रहता है और संस्था विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा एवं संस्कार देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

विद्यालय प्रधानाचार्य उरबेंद्र सिंह यादव ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल बेहतर परीक्षा परिणाम देना नहीं बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पंडित सोनेलाल यादव ने की तथा संचालन दुर्जन सिंह चौहान द्वारा किया गया। इस अवसर पर राजवीर सिंह, शरद मोहन, मधु यादव, वैष्णवी शर्मा, अंजली शर्मा, बृजेश कुमार, रिचा मिश्रा, सुखवीर सिंह एवं सेवा तोमर सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित किए गए। पूरा समारोह शिक्षा, प्रेरणा और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

Leave a Comment