*मलेशिया में चमका आगरा का सितारा: बॉक्सर कुलदीप तरकर ने इंटरनेशनल प्रो बॉक्सिंग में हासिल की नॉकआउट जीत,आगरा कैंट पर होगा भव्य स्वागत*
आगरा। आगरा के शमशाबाद रोड स्थित नोफरी गांव के निवासी 31 वर्षीय होनहार मुक्केबाज कुलदीप तरकर ने अंतरराष्ट्रीय पटल पर देश और जिले का नाम रोशन किया है। भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कुलदीप ने बीती 9 मई 2026 को मलेशिया में आयोजित ट्विन इंटरनेशनल प्रो बॉक्सिंग प्रतियोगिता के 57 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए मलेशियाई मुक्केबाज को नॉकआउट कर विदेशी धरती पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है।
*2 साल की कड़ी मेहनत का मिला फल*
कुलदीप तरकर ने पेशेवर मुक्केबाजी (Professional Boxing) में अपनी जगह बनाने के लिए दो साल पहले दिल्ली के साकेत स्थित एक प्रतिष्ठित बॉक्सिंग अकादमी में कड़ा अभ्यास शुरू किया था। अपनी इस शानदार सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए विजेता कुलदीप ने कहा, “यह मेरा दूसरा मलेशिया दौरा था। इस ऐतिहासिक जीत से मुझे बॉक्सिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने और देश के लिए और अधिक पदक जीतने की जबरदस्त प्रेरणा मिलेगी।”कुलदीप की इस स्वर्णिम उपलब्धि पर उनके पिता रामवीर तरकर सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और नेताओं ने अत्यंत हर्ष व्यक्त किया है। बधाई देने वालों में मुख्य रूप से:पूर्व मंत्री राजा अरिदमन सिंह जी,पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह,मुनेंद्र जादौन, प्रदीप भाटी, युवराज परिहार
राकेश चौहान, राजीव चौहान, होशियार सिंह जादौन,अनिल सिंह चौहान,दिनेश प्रताप सिंह (पीली कोठी वाले)बॉक्सिंग कोच गौरव सिंह शामिल हैं। वरिष्ठ समाजसेवी मुनेंद्र जादौन ने जानकारी देते हुए बताया कि विदेशी धरती पर तिरंगे का मान बढ़ाने वाले देश के इस वीर सपूत का आगरा आगमन पर जोरदार अभिनंदन किया जाएगा।








